
कोरोना संक्रमण से शुक्रवार को एक ही दिन में 3 लोगों की मौत हो गई, लेकिन प्रशासन ने अपने हेल्थ बुलेटिन में सिर्फ 2 मौतों की जानकारी दी है। वह भी जिन मौतों की जानकारी दी गई है, वे डेथ आडिट होने के बाद जारी की गई है। इसमें से गंजबासौदा की एक महिला और विदिशा के अनुपम मेगा सिटी निवासी एक पुरुष शामिल है। प्रशासन ने जिन 2 मौतों (कमलेश जैन, बासौदा, प्रदीप नायक, विदिशा )की जानकारी दी है वे 9 अप्रैल से पहले की हो सकती हैं।
क्योंकि विदिशा के श्मशान घाट में शुक्रवार को 3 कोरोना संक्रमित मरीजों(ममता रायकवार, विदिशा,वीरेंद्र मीणा, सांची, राजीव ताम्रकर, काेलार, भोपाल) का अंतिम संस्कार किया है। इसकी जानकारी नहीं दी गई है। इससे स्पष्ट है कि प्रशासन इन मौतों की जानकारी छिपा रहा है। जिस दिन किसी संक्रमित की मौत होती है, तो डेथ आडिट का बहाना बनाकर उस दिन उसकी जानकारी नहीं दी जाती है। सरकारी रिकार्ड के अनुसार कोरोना संक्रमण के शिकार अब तक 75 लोग दम दम तोड़ चुके हैं। डेथ आडिट होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को जारी हेल्थ बुलेटिन में इन दोनों मौतों की घोषणा की है। जबकि मौतें ज्यादा है।
जिले में 12 दिन में हुआ 9 कोरोना मृतकों का अंतिम संस्कार
कोरोना संक्रमण का असर अब श्मशान घाट पर भी दिखाई देने लगा है। कोरोना महामारी से मरने वाले लोगों को अंतिम संस्कार भी यहीं होने लगा है। बेतवा किनारे स्थित एक ही श्मशान घाट में सामान्य मरीजों के साथ ही कोरोना महामारी से मरने वाले लोगों का भी अंतिम संस्कार किया जा रहा है। इससे वहां अंतिम संस्कार में जाने वाले लोगों पर संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। बेतवा मुक्तिधाम सेवा समिति के प्रमुख मनोज पांडे ने बताया कि 29 मार्च से 9 अप्रैल के बीच में कुल 9 पॉजिटिव मरीजों की मौत के बाद अंतिम संस्कार विदिशा के श्मशान घाट पर ही किया गया। इनमें 7 मृतक विदिशा, 1 भोपाल और 1 गंजबासौदा के शामिल हैं।
सूची ही अपडेट नहीं की
^शुक्रवार को एक ही दिन में 3 नए संक्रमितों की मौत हुई है। प्रशासन ने अभी तक सूची अपडेट नहीं की है।
मनोज पांडे, बेतवा मुक्तिधाम सेवा समिति के प्रमुख और समाजसेवी।
3 का किया अंतिम संस्कार
^शुक्रवार को ममता रायकवार, ,वीरेंद्र मीणा, राजीव ताम्रकर का अंतिम संस्कार किया गया।
-अतुल शाह, बेतवा उत्थान समिति के अध्यक्ष, विदिशा।
72 में से विदिशा में 50 तो बासौदा 10 मरीज शामिल
शुक्रवार को जिले में 72 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। यह अब तक का सर्वाधिक मरीज मिलने का चौंकाना वाला आंकड़ा है। नए मिले मरीजों में 72 में से 50 मरीज तो सिर्फ विदिशा के ही रहने वाले हैं। इसके अलावा गंजबासौदा के 10, ग्यारसपुर के 8, लटेरी के 3 सिरोंज का 1 मरीज शामिल हैं।
ऑडिट नहीं हुआ
^डेथ ऑडिट होने के बाद ही पूरी जानकारी दी जाती है।
-डॉ. केएस अहिरवार, सीएमएचओ विदिशा।