Sunday, October 19

ऑल टाइम हाई पर पहुंचे रेट:93 रु. प्रति लीटर के पार हुआ पेट्रोल, इस महीने 6वीं बार महंगे हुए पेट्रोल-डीजल

  • मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पेट्रोल 93.04 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है
  • राजधानी दिल्ली में आज पेट्रोल 85.20 प्रति लीटर बिक रहा है

सरकारी तेल कंपनियों ने आज लगातार दूसरे दिन पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोतरी की है। राजधानी दिल्ली में मंगलवार को पेट्रोल 85.20 रु. और डीजल 75.38 रु. प्रति लीटर पर पहुंच गया है। आज डीजल और पेट्रोल दोनों की कीमत में 25-25 पैसे तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले सोमवार को भी डीजल 27 पैसे और पेट्रोल 25 पैसे तक महंगा हुआ था। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पेट्रोल 93.04 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया है।

जनवरी में 6वीं बार बढ़े दाम

जनवरी में अब तक 6 बार पेट्रोल-डीजल की कीमतों में इजाफा हुआ है। इस दौरान राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 1.49 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया। वहीं अगर डीजल की बात करें तो इसकी कीमत में इस महीने अक तक 1.51 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। 7 दिसंबर को दिल्ली में पेट्रोल का भाव 83.71 रुपए और डीजल का भाव 73.87 रुपए/लीटर पर बिक रहा था। इसके बाद 29 दिनों तक इनके दाम नहीं बढ़े। लेकिन 6 जनवरी को इस महीने पहली बार इनके दाम बढ़ाए गए थे।

तेल उत्पादक देशों ने घटाया उत्पादन
सोमवार को पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया था कि कोरोना महामारी के दौरान तेल उत्पादक देशों की तरफ से कम उत्पादन करने के कारण पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ी हैं। कम उत्पादन से तेल की मांग और आपूर्ति में असंतुलन हो गया है। उन्होंने कहा कि कुछ महीने पहले कच्चे तेल की कीमतें 35 से 38 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल थी, जो अब बढ़कर 54 से 55 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गई हैं। इसके कारण भी पेट्रोल के दाम बढ़े हैं।

कच्चे तेल की कीमत गिरने पर सरकार ने बढ़ाई थी एक्साइज ड्यूटी
पिछले साल कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट के बाद सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ा दी थी। दुनियाभर में लॉकडाउन के कारण कच्चे तेल की कीमतें दो दशक के निचले स्तर पर पहुंच गई थीं। इस दौरान सरकार ने दो बार में एक लीटर पेट्रोल पर 13 रुपए और डीजल पर 16 रुपए एक्साइज ड्यूटी बढ़ा दी थी। यह अभी बढ़कर पेट्रोल पर 33 रुपए और डीजल पर 32 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच गई है।

रोजाना सुबह 6 बजे तय होते हैं पेट्रोल-डीजल के रेट

ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोज़ाना पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल , भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम रोज़ाना सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन कर जारी करती हैं। पेट्रोल-डीजल का का रेट आप SMS के जरिए भी जान सकते हैं। इसके लिए इंडियन ऑयल के कस्टमर RSP स्पेस पेट्रोल पंप का कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर और बीपीसीएल उपभोक्ता RSP लिखकर 9223112222 नंबर पर भेज जानकारी हासिल कर सकते हैं। वहीं, एचपीसीएल उपभोक्ता ‘HPPrice’ लिखकर 9222201122 नंबर पर भेजकर आज का भाव पता कर सकते हैं।