Monday, September 22

विदिशा-बासौदा नई मंडियों में अनाज की खरीदी शुरू कराए जाने के निर्देश

betwaanchal.com
betwaanchal.com

विदिशा। मंडी बोर्ड के एमडी अरुण कुमार पांडे ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिला प्रशासन और कृषि उपज मंडी के अधिकारियों को मार्च महीने के अंत तक विदिशा और गंजबासौदा की नई मंडियों में अनाज की खरीदी शुरू कराए जाने के निर्देश दिए हैं।

जिले की ये दोनों मंडियां बनकर तैयार हैं लेकिन उनमें व्यापारी जाने को तैयार नहीं हैं। इन दोनों प्रमुख मंडियों में व्यापारी अभी पुरानी मंडियों से ही कारोबार कर रहे हैं। मंडी के व्यापारियों का कहना है कि मंडी बोर्ड के अधिकारी सस्ती दरों पर जमीन खरीदकर महंगे दामों में भूखंड दे रहे हैं। इसके अलावा उन्हें ये भूखंड लीज पर दिए जा रहे हैं। भूखंडों का मालिकाना हक उन्हें नहीं दिया जा रहा है। उनके गोदाम और दुकानें पहले से पुरानी मंडी में बने हुए हैं। उनका क्या उपयोग होगा।
इस संबंध में मंडी सचिव आरपी शर्मा ने बताया कि शुक्रवार को वीसी के माध्यम से मंडी बोर्ड के एमडी ने संबंधित अधिकारियों को मार्च महीने के आखिरी तक इसी रबी सीजन में विदिशा की मिर्जापुर वाली नई मंडी चालू कराने को कहा है।
इसी प्रकार बासौदा में कंजना पठार इलाके में नई मंडी बनकर तैयार है लेकिन महंगे भूखंडों को लेकर चल रहे विवाद के चलते वहां भी व्यापारी नई मंडी में जाने को तैयार नहीं हैं।