
फ्रांस | दुनियाभर के 195 देश कोरोना की चपेट में हैं। इससे अब तक 27,370 लोग जान गंवा चुके हैं। एक लाख 33 हजार 57 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। दुनियाभर में संक्रमण के पांच लाख 97 हजार से ज्यादा मामले हो चुके हैं। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, केवल यूरोप में तीन लाख से ज्यादा केस हैं। उधर, फ्रांस सरकार ने देश में लॉकडाउन 15 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। वहीं, अमेरिका ने कोरोनावायरस से प्रभावित 64 देशों को महामारी से निपटने में मदद के लिए 174 मिलियन डॉलर देने का ऐलान किया है। इसके तहत भारत को 2.9 मिलियन डॉलर (करीब 21.7 करोड़ रु.) की सहायता राशि दी जाएगी। उधर, इटली, स्पेन और फ्रांस में 16,267 लोगों ने जान गंवाई है। यह दुनियाभर में हुई कुल मौतों का लगभग 60% है।