
लखनऊ | नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में बीते 19 दिसंबर को लखनऊ को हिंसा की आग में झोकने वाले उपद्रवी तत्वों पर प्रशासन का शिकंजा कसता जा रहा है। प्रशासन ने मंगलवार को इस मामले से जुड़़ा तीसरा आदेश जारी करते हुए 16 प्रदर्शनकारियों से करीब 48 लाख रुपए की वसूली करने को कहा है। यह रिकवरी आदेश कैसरबाग और ठाकुरगंज थाना क्षेत्रो में हुए नुकसान के लिए जारी किया गया है। विभिन्न संगठनों द्वारा बुलाए गए विरोध प्रदर्शन के दौरान सुनियोजित तरीके से शहर में हर तरफ हिंसा फैलायी गयी थी। हिंसा और उपद्रव के दौरान राजधानी में करीब पांच करोड़ रुपए की संपत्ति को आग के हवाले कर दिया गया था। हिंसा में चार थाना क्षेत्रों हजरतगंज, कैसरबाग, ठाकुरगंज और हसनगंज में उपद्रवियों ने तोडफ़ोड़ कर करीब 35 वाहनों को आगे के हवाले कर दिया था। हसनगंज थाना क्षेत्र के मदेयगंज और ठाकुरगंज की सतखंडा चौकी को आग के हवाले किया गया था।