
नईदिल्ली| चीन में फैले कोरोनावायरस से भारतीयों को बचाने के लिए कल भारतीय वायुसेना का विशेष विमान चीन गया था जो आज वापिस लौट आया हैं | इस विमान में सवार 112 लोगों में 36 विदेशी नागरिक हैं। इन सभी लोगों को दिल्ली के भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) के छावला स्थित कैंप में 14 दिनों तक क्वारंटाइन किया जाएगा। पहले के दो ट्रिप में चीन से लाए गए चार सौ से ज्यादा लोगों को भी यहीं रखा गया था।
वायु सेना के सी-17 ग्लोबमास्टर विमान से वुहान के लिए 15 टन मेडिकल सामग्री भी भेजी गई थी। वापसी में विमान नागरिकों को लेकर आया है। चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्त्री ने ट्वीट किया, “76 भारतीय नागरिक विमान से घर लौट रहे हैं। विमान में बांग्लादेश के 23, चीन के छह, म्यामांर और मालदीव के दो-दो और दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका और मेडागास्कर के एक-एक नागरिक भी लौटे हैं।” चीन के छह नागरिकों में भारतीयों के परिजन शामिल हैं। इन सभी लोगों को आइटीबीपी के कैंप में 14 दिनों तक रखा जाएगा।