Sunday, October 19

फ्रांस के राष्ट्रपति भारत पहुंचे, मोदी से बातचीत के बाद दोनों देशों के बीच 14 समझौतों पर दस्तखत

नई दिल्ली.फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों शनिवार सुबह तीन दिन के भारत पहुंचे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़कर खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। इमैनुएल के साथ उनकी पत्नी ब्रिगिटी मैक्रों और एक डेलिगेशन भी आया है। नई दिल्ली पहुंचने के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति ने कहा- मुझे लगता है कि हमारी (उनकी और पीएम मोदी की) कैमिस्ट्री बहुत अच्छी है। दोनों महान लोकतंत्र हैं और हमारे रिश्ते भी ऐतिहासिक हैं। करीब 12 बजे मैक्रों हैदराबाद हाउस पहुंचे। यहां उनकी पीएम मोदी से बातचीत शुरू हुई।

राजघाट पहुंचे मैक्रों

– सबसे पहले मैक्रों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उनकी पत्नी सविता कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति भवन में उनका औपचारिक स्वागत किया। मैक्रों ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की।
– आज ही भारत और फ्रांस के बीच समुद्री सुरक्षा और आतंकवाद जैसे मुद्दों पर द्विपक्षीय बातचीत होगी। इस दौरे में मोदी अपने संसदीय क्षेत्र बनारस में मैक्रों की भव्य खातिरदारी भी करेंगे। उन्हें नाव से गंगा की सैर कराएंगे और घाट दिखाएंगे।

शनिवार: मैक्रों प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे। इस दौरान भारत और फ्रांस के बीच रक्षा, स्पेस, सुरक्षा, ऊर्जा से जुड़े मुद्दों चर्चा होगी। मेक इन इंडिया से जुड़े कई बड़े रक्षा समझौते भी हो सकते हैं।

रविवार: मैक्रों और मोदी अंतरराष्ट्रीय सोलर गठबंधन की पहली समिट का इनॉगरेशन करेंगे। इसकी थीम जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण है। ये समिट राष्ट्रपति भवन में होगी। इसमें 21 देशों के राष्ट्राध्यक्ष और चार देशों के प्रधानमंत्रियों के अलावा 125 देशों के रिप्रेजेंटेटिव भी हिस्सा लेंगे।

सोमवार: मैक्रों उत्तर प्रदेश में मिर्जापुर के दादर काला गांव में 75 मेगावाट के सोलर प्लांट का इनॉगरेशन करेंगे। वे बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी में बने पंडित दीनदयाल उपाध्याय हस्तकला संकुल का दौरा करेंगे। यहां हैंडीक्रॉफ्ट के सामानों का केंद्र है। मोदी ने पिछले साल इसे शुरू किया था।