Friday, September 26

पहली ही सभा में महारानी ने दिखाए तेवर, कहा मोदी लाएंगे राम राज्य

9067_3

जयपुर। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने लोकसभा चुनावों को लेकर जयपुर शहर में पहली चुनावी सभा में जनता से अपील करते हुए कहा कि वह देश को कांग्रेस मुक्त करे, हमारी भाजपा सरकार देश को कर्ज मुक्त करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हुकूमत की वजह से आज प्रदेश का हर व्यक्ति 75 हजार रूपए के कर्ज के बोझ से दबा है। वसुंधरा राजे ने सवाल किया कि आखिर इतना पैसा गया तो गया कहां?
वसुंधरा राजे ने यह बात भाजपा प्रदेश कार्यालय के पास लोकसभा प्रत्याशी रामचरण बोहरा के प्रधान चुनाव कार्यालय के उदï्घाटन समारोह और पहली चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही। सभा में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यकर्ता बार-बार मोदी और वसुंधरा राजे जिंदाबाद के नारे लगते रहे। वसुंधरा ने कहा कि कांग्रेस के 60 साल शासन की अगर कोई देन है, तो राज्य पर 2 लाख 26 हजार करोड़ रूपए का कर्जा है। पिछली प्रदेश की कांग्रेस सरकार के पांच साल की बात करें, तो प्रदेश पर 60 वर्ष में कुल 1 लाख 1 हजार 182 करोड़ रूपए का कर्जा था, जो मात्र 5 वर्षों में बढ़कर 2 लाख 28 हजार करोड़ रूपए का हो गया। यानि जितनी देनदारियां पिछले 60 साल में नहीं हुई उससे कहीं ज्यादा देनदारियां पिछले 5 साल में ही हो गई। आज प्रदेश का प्रत्येक नागरिक 30 हजार रूपए का कर्जदार है। इसमें अगर केंद्र सरकार का 45 हजार रूपए का कर्जा और जोड़ दिया जाए, तो वर्तमान में प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के सिर पर 75 हजार रूपए का कर्जा है।
रामराज्य की स्थापना के लिए भाजपा को वोट दें
समारोह में किशनपोल विधायक मोहनलाल गुप्ता ने कहा कि जयपुर में राम-राज्य की स्थापना के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा के पक्ष में वोट दिलाए। जयपुर शहर लोकसभा प्रभारी सुनील कोठारी ने कार्यकर्ता और आम जन से कहा कि शहर के विकास और देश के निर्माण के लिए हर व्यक्ति कम से कम 20 लोगों को फोन करें और वोट डालने की अपील करें।
बोहरा ने कालीचरण के पैर छुए और पूर्व सांसद भार्गव के बेटे को रखा साथ
टिकट वितरण को लेकर उपजे असंतोष को दूर करने के लिए भाजपा प्रत्याशी रामचरण बोहरा को मशक्कत करनी पड़ रही है। इस पहले चुनावी कार्यक्रम में आम कार्यकर्ता तो उत्साह के साथ जुड़ा हुआ नजर आया, लेकिन कुछ बड़े नेता और उनके समर्थक थोड़े अनबने नजर आ रहे थे।