Sunday, September 21

7 दिनों में 6 लूट की बड़ी घटनाएं

कटनी। पिछले सात दिनों में जिले के स्लीमनाबाद, माधवनगर, कोतवाली, बरही थाना क्षेत्र में 6 बड़ी घटनाएं सामने आई हैं। 7 दिनों में 6 लूट की बड़ी घटनाएं सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया है। पुलिस को मुखबिरों से सूचना मिली कि जिले के कई गांवों में बसे पारधी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने 215 अधिकारी-कर्मचारियों की टीम तैयार कराई और 4 बजे सुबह आधा दर्जन से अधिक गांवों में दबिश देकर अपराधियों के किले को भेदा है। इसमें पुलिस ने 12 संदेहियों को भी दबोचा है। इनसे पूछताछ पुलिस कर रही है। हालांकि अभी तक पुलिस ने छह में से किसी भी लूट का खुलासा नहीं किया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। हालांकि कई मामलों के तार जुड़ते नजर आ रहे हैं, जिनका पुलिस शीघ्र खुलासा करेगी। दूसरी ओर पुलिस ने बदमाशों के पास से जो अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है व पुलिस के वाहनों पर पथराव किया है, उनके खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया है।

  • आरोपी का चल रहा इलाज   

शुक्रवार रात जब आरोपियों का पता लगाने पुलिस छतरपुर गई थी, यहां से मुख्य आरोपी इतवार सिंह बहेलिया को गिरफ्तार कर ला रही थी। शनिवार सुबह रास्ते में ट्रांसपोर्ट नगर के पास पुलिस की गाड़ी पंचर हो गई थी। टायर बदलने के दौरान मौके का फायदा उठाकर आरोपी पुलिस अधिकारी की पिस्टल छीनकर भागने लगा। पकडऩे के प्रयास के दौरान उसने फायर कर दिए। गोली सीधे कार में आकर लगी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी फायर किया और गोली बदमाश के पैर में लगी, जिसके बाद उसे बोच लिया था। आरोपी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। पुलिस पूछताछ में जुटी हुई है।