विदिशा(ब्यूरो)। नेशनल हाईवे 146 पर शुक्रवार की दोपहर को बेतवा नदी के ऊपर बने रंगई पुल से एक इंडिका कार रैलिंग तोड़ते हुए करीब 35 फीट नीचे नदी में गिर गई। कार में चार लोग सवार थे। इस दुर्घटना में चारों यात्रियों को चोटें आई हैं। इनमें एक महिला भी शामिल है। घायलों को भोपाल रेफर किया गया है। सभी घायल भोपाल के शिवाजी नगर के रहने वाले बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार भोपाल के शिवाजी नगर निवासी अरुण यादव, मनीष एलिया एवं उषा एलिया और पठारी निवासी सूरज लोधी शुक्रवार सुबह कार से पठारी से भोपाल जा रहे थे। कार मनीष एलिया चला रहे थे। रंगई पुल से निकलते समय कार अनियंत्रित होकर सीधे नदी में जा गिरी। नदी में पानी होने के कारण कार पानी में तैरती नजर आई। नदी के किनारे गणेश मंदिर पर ड्यूटी कर रहे बीएसएफ के जवानों ने कार नदी में गिरती देख दौड़ लगा दी। इन जवानों ने नदी में तैरकर कार के भीतर से घायलों को बाहर निकाला। घटना की जानकारी मिलते ही एम्बुलेंस भी तुरंत ही रंगई स्थित बेतवा नदी पर पहुंच गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को भोपाल रेफर कर दिया गया है। जिला अस्पताल में भर्ती घायल सूरज लोधी का कहना था कि रंगई पुल से गुजरते समय वे निर्माल्य सामग्री नदी में डालना चाह रहे थे। उसी के लिए मनीष कार किनारे पर ले रहे थे लेकिन असंतुलित होकर कार सीधे नदी में ही जा गिरी। सूरज का कहना था कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बावजूद किसी की जान न जाना भगवान का ही चमत्कार है।
सक्रियता ने बचाई जान
घटना के बाद मंदिर पर तैनात बीएसएफ एवं होमगार्ड के जवानों की सक्रियता के कारण इस बड़ी दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हो पाया। होमर्गाड जवान कमलसिंह रघुवंशी, कैलाश जाट, सेक्टर कमांडेंट कमलसिंह भदौरिया, आरक्षक गुमानसिंह ने अपनी जान की परवाह न करते हुए नदी में छलांग लगाई और घायलों को कार से बाहर निकाला। दुर्घटना में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसलिए उन्हें कार में सवार लोगों को बाहर निकालने के लिए गेट तोड़ना पड़ा।
–