Monday, September 22

दिल्ली-NCR में तूफानी बारिश का कहर: 4 लोगों की मौत, 80 KM की आंधी, सड़कें जलमग्न, 100 फ्लाइट्स लेट

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ भारी बारिश शुरू हो गई। सुबह से ही तेज हवाओं और बिजली की गरज के बीच बारिश ने राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। छावला में मकान पर पेड़ गिरने से 4 लोगों की मौत है। इस दौरान कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है और अगले कुछ घंटों में 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी है।

तेज हवाओं के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (टर्मिनल 3) पर एक धातु का ढांचा ढह गया। इसके अलावा, खराब मौसम की वजह से 40 से ज्यादा फ्लाइट्स को डाइवर्ट किया गया और 100 से अधिक उड़ानें देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई है, जिससे खुले स्थानों में लोगों और मवेशियों को चोट पहुंचने का खतरा बढ़ गया है।

दिल्ली-एनसीआर के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई जिलों में भी अलर्ट जारी किया गया है। यमुनानगर, करनाल, पानीपत, मथुरा, आगरा, भरतपुर और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से तेज बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में 40 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

बारिश से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली है, वहीं इसके कई दुष्परिणाम भी सामने आए हैं। पेड़ों की टहनियों के टूटने और बिजली व संचार लाइनों को क्षति पहुंचने की आशंका है। कमजोर ढांचों और झोपड़ियों को भी नुकसान हो सकता है। मौसम विभाग ने नागरिकों को घर के अंदर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और यात्रा टालने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तरी-पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों में तेज आंधी-तूफान, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना है। उत्तर पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, दक्षिण गंगा तटीय पश्चिम बंगाल और उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के लिए अलर्ट जारी किया गया है।