Monday, September 22

15 दिसबर से शुरू हुआ खरमास 14 जनवरी को सूर्य के मकर राशि में संक्रमण के साथ ही समाप्त हो गया।

15 दिसबर से शुरू हुआ खरमास 14 जनवरी को सूर्य के मकर राशि में संक्रमण के साथ ही समाप्त हो गया। एक माह के लिए मंगलकार्यों व विवाह समारोहों पर लगा विराम हट गया है। विवाह की शहनाइयां गूंजने लगी हैं। मंडप सजने लगे हैं। 12 मार्च तक विवाह के 29 मुहूर्त हैं। इसके बाद से फिर खरमास लगने के चलते विवाह थम जाएंगे। इसके चलते विवाह समारोह के लिए शहर के मैरिज गार्डन, बारातघर व होटलों में बुकिंग जोरों पर चल रही है। टैंट, बैंड व अन्य जरूरी चीजों के लिए भी बुकिंग की जा रही है। विवाह की खरीदारी का दौर भी शुरू हो गया है। बदलते मौसम के कारण बारिश की आशंका को देखते हुए मैरिज गार्डनों की विद्युत साज-सज्जा व आर्टिफिशियल फूलों से सजावट की जा रही है। इसके साथ ही लोगों ने बारिश के लिहाज से मैरिज गार्डनों की सजावट कराने के आर्डर दिए हैं। विवाह समारोह के दिन बारिश होने पर भी लोगों को मनचाही स्टेज की सजावट मिल जाएंगी। टेंट हाउस संचालकों ने बताया कि फिलहाल वाटर प्रूफ टेंट की डिमांड अधिक है। टेंट, डीजे, लाइट, कैटरर्स का कारोबार बढ़ा है। कैटरर्स को पहले की तुलना में अधिक ऑर्डर मिले हैं। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार फिलहाल सूर्य देव मकर राशि में हैं। सूर्य देव 14 मार्च को मीन राशि में गोचर करेंगे। अत: 14 मार्च से लेकर 14 अप्रेल तक खरमास रहेगा। इस दौरान एक माह तक खरमास के चलते विवाह नहीं होंगे।