Tuesday, September 23

इंडिया ब्लॉक 41 सीटों पर और एनडीए 27 सीटों पर आगे है।

झारखंड में 81 विधानसभा सीटों के लिए सुबह आठ बजे से मतगणना जारी है। इस बीच सुबह 10:20 बजे तक इंडिया ब्लॉक 41 सीटों पर और एनडीए 27 सीटों पर आगे है। निर्दलीय एवं अन्य तीन सीटों पर आगे हैं। चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़े के अनुसार, धनबाद जिले की निरसा सीट पर सीपीआई एमएल के प्रत्याशी अरूप चटर्जी ने पहले राउंड की गिनती के बाद 4843 मतों से आगे चल रहे हैं, जबकि बोकारो जिले की बेरमो सीट से कांग्रेस के जयमंगल सिंह ने पहले राउंड के बाद 173 मतों की बढ़त बनाई है।

धनबाद सीट पर भाजपा के राज सिन्हा 2824 मतों से आगे चल रहे हैं। बोकारो जिले की गोमिया सीट पर जेएलकेम की पूजा कुमारी ने पहले राउंड में 2,575 मतों की बढ़त बनाई है। गोड्डा सीट पर राजद के संजय प्रसाद यादव ने 4,913 मतों से बढ़त बनाई है। रामगढ़ सीट पर आजसू पार्टी की सुनीता चौधरी 3,043 मतों से आगे चल रही हैं। पलामू जिले की पांकी सीट पर निर्दलीय देवेंद्र सिंह 2,915 मतों से आगे हैं।

सरायकेला सीट से भाजपा के चंपई सोरेन आगे हैं, जबकि खूंटी सीट पर पांच टर्म के विधायक भाजपा के नीलकंठ सिंह मुंडा पीछे हैं। ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती का पहला रुझान सुबह 10 बजे आने की संभावना है। राज्य में किसकी सरकार बनेगी, यह शनिवार शाम पांच बजे तक सभी सीटों की मतगणना पूरी होने के साथ तय हो जाएगा। मतों की गिनती के लिए राज्य के 24 जिलों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुबह सात बजे के बाद स्ट्रांग रूम के ताले निर्वाचन रिटर्निंग अफसरों, चुनाव आयोग के विशेष पर्यवेक्षकों और प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में खोले गए।