
बीते गुरुवार को रूस ने यूक्रेन पर ICBM यानी इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल दाग डाली। जिससे इस रूस यूक्रेन युद्ध (Russia Ukraine War) के और भीषण होने के संकेत मिल गए हैं। जानकार तो ये कह रहे हैं कि रूस ने यूक्रेन को जड़ से खत्म करने के लिए ही इतने खतरनाक हथियार से हमला किया है। साथ ही एक चिंता ये भी पैदा हो गई है कि जिस हथियार को आज तक किसी भी देश ने यूज नहीं किया उसका सबसे पहले इस्तेमाल रूस ने करके ये जता दिया है कि अब वो कभी भी परमाणु हमला (Nuclear Attack) भी कर सकता है और तो और, रूस की देखादेखी अब दूसरे देश भी इस मिसाइल का इस्तेमाल कर सकते हैं जो इसकी क्षमता रखते हैं।
ICBM यानी इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल, (Intercontinental Ballistic Missile) जिसके नाम से ही पता चल रहा है कि ये एक अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल है जो एक महाद्वीप से दूसरे महाद्वीप तक हमला कर सकती है। इसे परमाणु या पारंपरिक हथियार ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है। बैलिस्टिक मिसाइल का मतलब है कि ये मिसाइल लॉन्च के बाद एक निश्चित प्रक्षेपवक्र (trajectory) पर चलती है और अपने टारगेट तक पहुंचती है। यानी इसे प्रोजेक्ट करने के बाद ये अपने टारगेट को नष्ट करके ही दम लेती है।
ICBM की रेंज लगभग 5,500 किमी से 15,000 किमी तक हो सकती है। ये मिसाइल इतनी शक्तिशाली है कि ये दुनिया के एक हिस्से से दूसरे हिस्से तक हमला कर सकती है। आधुनिक ICBM का टारगेट बहुत सटीक होता है। इनकी CEP (Circular Error Probable) यानी इनके टारगेट में गलतियां बहुत कम होती है। ये आमतौर पर 24,000 किमी/घंटा तक की गति से चलती हैं।