
जम्मू-कश्मीर की सर्द हवा की प्रदेश में दस्तक हो चुकी है। सोमवार को प्रदेशभर में दिन के तापमान में 3-5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। सर्द रात के बाद अब कड़ाके की ठंड भी जल्द शुरू होने वाली है। नर्मदापुरम, भोपाल सहित कई हिस्सों में दिन की शुरुआत धुंध और कोहरे के साथ हुई। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के प्रदूषण का असर ग्वालियर-चंबल संभाग में सर्वाधिक दिखा। यहां घने कोहरे से दृश्यता 200 मीटर से कम रही। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय जेट स्ट्रीम विंड से बर्फबारी के बाद हवा अपने साथ ठंडक लेकर आ रही है।
मौसम विज्ञानी शिल्पा आपटे ने बताया कि फिलहाल कोई सिस्टम नहीं है। उत्तर भारत में जेट स्ट्रीम सक्रिय है, लेकिन हवा की रफ्तार अभी कम है। 20 नवंबर के बाद सर्द हवा के कारण तापमान में गिरावट होगी। राजधानी भोपाल के अलावा जबलपुर और उज्जैन में रात का पारा सामान्य से कम नीचे आ गया है। ग्वालियर और उज्जैन में पारा 15 डिग्री या इससे कम है। वहीं मध्य प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में नवंबर महीने की रातें सबसे सर्द रही हैं। पिछली 4 रातों से यहां पारा 10 डिग्री सेल्सियस से कम ही है। रविवार-सोमवार की रात तापमान 8.2 डिग्री रहा। पचमढ़ी में एक सप्ताह में 3 बार पारा 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। कोहरे के साथ ग्वालियर-चंबल संभाग में अब सर्द हवाओं का असर बढ़ेगा। यहां अगले दो-तीन दिन में रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं मौसम विभाग ने यहां नवंबर महीने के अंत में बारिश का अलर्ट जारी किया है।