Tuesday, September 23

Jharkhand Election Lalu Prasad Yadav ने कहा देशभर में इंडिया गठबंधन मजबूत है। नरेंद्र मोदी नाम की कोई चीज नहीं है। नरेंद्र मोदी कौन है? 

झारखंड विधानसभा चुनाव (Jharkhand Election) के तहत पहले चरण की 43 सीटों पर चुनाव प्रचार अब चरम पर है। इन सीटों पर सोमवार को शाम पांच बजे चुनाव प्रचार खत्म हो जाएगा। प्रदेश की 81 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में वोटिंग होगी। पहले चरण के लिए 13 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 20 नवंबर को मतदान किया जाएगा। वहीं विधानसभा चुनाव परिणाम 23 नवंबर को आएंगे। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) ने रविवार को अपने प्रत्याशी के पक्ष में कोडरमा (Koderma) में चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान राजद प्रमुख ने पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर जमकर निशाना साधा।

राजद प्रत्याशी सुभाष यादव (Subhash Yadav) के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए लालू प्रसाद यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन एकजुट है और हर कोई गठबंधन को याद करता है। नरेंद्र मोदी नाम की कोई चीज नहीं है। नरेंद्र मोदी कौन है? मैं आप लोगों से राजद प्रत्याशी सुभाष यादव के पक्ष में वोट देने की अपील करता हूं।

लालू प्रसाद यादव ने सभा को अपने पुराने अंदाज में ही संबोधित किया। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि आज सुबह उन्हें देखकर हेलीकॉप्टर डर गया। इसलिए सड़क मार्ग से गाड़ी में सोकर आए हैं। इस चुनाव में पहली बार झारखंड आए हैं। लालू प्रसाद यादव ने कहा कि सुभाष यादव बहादुर आदमी हैं। इसलिए उन्हें प्रत्याशी बनाया गया है।