Monday, September 22

नवंबर में ठंड बढ़ने के संकेत, कोहरा और रात का तापमान घटने की उम्मीद।

UP में धीरे-धीरे मौसम में बदलाव नजर आने लगा है। दीपावली के बाद से तापमान में लगातार गिरावट से गुलाबी ठंड का एहसास बढ़ता जा रहा है। दिन के समय भले ही अभी हल्की गर्मी बनी हुई है, लेकिन रात और सुबह के वक्त ठंडक बढ़ने लगी है। दीपावली के बाद तापमान में तेज गिरावट आई है। पिछले एक सप्ताह में ही रात का न्यूनतम तापमान 23-21 डिग्री सेल्सियस से घटकर 19 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। हालांकि दिन में अभी भी गर्मी का एहसास बरकरार है, लेकिन शाम होते ही ठंडक बढ़ जाती है।

बारिश का मौसम खत्म होने के बाद तापमान में स्थिरता बनी हुई थी, लेकिन अब हल्की ठंड का एहसास होने लगा है। सुबह के समय हल्के कोहरे की चादर छाने लगी है, और रात के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। आने वाले दिनों में ठंड का असर बढ़ने के साथ-साथ कोहरा और गहराएगा।

मौसम विभाग का अनुमान है कि नवंबर के दूसरे हफ्ते से उत्तर प्रदेश में ठंड का असर और गहराएगा। वर्तमान में दक्षिणी-पश्चिमी नम हवाओं का प्रभाव अधिक है, जबकि उत्तर-पूर्व से आने वाली हवाओं की गति धीमी हो गई है। इसके चलते प्रदेश में बादलों का आना-जाना जारी है, लेकिन मौसम अपेक्षाकृत शुष्क हो गया है। आने वाले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने की संभावना है, लेकिन इसके बाद ठंड और अधिक बढ़ सकती है। दिन के तापमान में मामूली वृद्धि के बावजूद रात का तापमान तेजी से घटेगा, जिससे प्रदेश में सर्दी का एहसास और गहरा सकता है।