Monday, September 22

लोकगायिका शारदा सिन्हा का पार्थिव शरीर बुधवार को पटना के राजेंद्र स्थित आवास पर लाया गया।

लोकगायिका शारदा सिन्हा (Sharda Sinha) का पार्थिव शरीर बुधवार को पटना के राजेंद्र स्थित आवास पर लाया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान सीएम नीतीश (Nitish Kumar) ने परिवार को ढांढस बंधाया। सीएम ने उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किए जाने का निर्देश दिया। इस दौरान मंत्री विजय चौधरी, राज्यसभा सांसद संजय झा और कई अन्य नेता मौजूद थे। सीएम ने जिलाधिकारी पटना को निर्देश दिया कि राजकीय सम्मान के साथ शारदा सिन्हा के अंतिम संस्कार के लिए सभी आवश्यक व्यवस्था समय पर सुनिश्चित किया जाए।  उनके बेटे अंशुमन ने बताया कि शारदा सिन्हा का कल 7 नवंबर को पटना के गुलाबी घाट पर अंतिम संस्कार होगा। उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार होगा। वहीं पटना डीएम ने बताया कि सीएम का निर्देश है कि शारदा सिन्हा का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाए। इसके लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

बिहार की स्वर कोकिला शारदा सिन्हा का मंगलवार रात को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एम्स अस्पताल में आखिरी सांस ली। शारदा सिन्हा लंबे समय से बीमारी से जूझ रही थीं। हाल ही में उन्हें दिल्ला के एम्स में भर्ती कराया गया था। जहां कुछ दिनों के इलाज के बाद उनकी स्थिति बेहतर हो गई थी। लेकिन सोमवार रात को उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। इसके चलते उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।