Monday, September 22

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को भाजपा ने 99 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी।

 महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को भाजपा ने 99 प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक बार फिर नागपुर दक्षिण-पश्चिम से प्रत्याशी बनाया गया है। सूची में 13 महिलाओं को टिकट दिया गया है जबकि 71 विधायकों को फिर से मौका दिया गया है। सिर्फ तीन विधायकों के टिकट काटे गए हैं। सूची में छह सीटों पर अजा और चार पर जजा को टिकट दिया गया है। तीन निर्दलीय विधायक भी इस बार भाजपा की टिकट पर मैदान में उतरेंगे।

महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले को कामठी सीट से टिकट दिया गया है। पिछले चुनाव में उनका टिकट कट गया था। भाजपा की सूची के मुताबिक पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे के बेटे नितेश राणे कंकावली से चुनाव लड़ेंगे। शिंदे सरकार में मंत्री चंद्रकांत पाटिल एक बार फिर से कोथरूड सीट से उतरेंगे। लोकसभा चुनाव हारे सुधीर मुनगंटीवार बल्लारपुर से चुनाव लड़ेंगे। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े की पुरानी सीट फूलांब्री से अनुराधा चव्हाण को टिकट दिया गया है। मुंबई शहर की 16 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए गए हैं जिनमें 14 को फिर से मौका दिया गया है।