Monday, September 22

राजस्थान में एक बार फिर नौकरशाही में बड़ा फेरबदल हुआ है।

राजस्थान में एक बार फिर नौकरशाही में बड़ा फेरबदल हुआ है। भजनलाल सरकार ने रविवार आधी रात 22 आईएएस और 58 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। जबकि 12 अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है, इनमें आठ आईएएस और चार आईपीएस शामिल हैं। बता दें 16 दिन में यह दूसरा मौका है जब आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इससे पहले 5 सितंबर को आईएएस की जंबो तबादला सूची जारी की गई थी।

राजस्थान  में सात माह बाद आईपीएस अधिकारियों की बड़ी तबादला सूची जारी की गई है। आईपीएस और आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची को लेकर पिछले कई दिनों से मंथन चल रहा था। आईएएस अधिकारियों की तबादला सूची में तीन संभागीय आयुक्त और 6 जिलों के कलक्टर बदले गए है, वहीं आईपीएस की तबादला सूची में दो रेंज आईजी और 15 जिलों के एसपी बदले गए हैं। आईएएस की तबादला सूची में ज्यादातर नाम वही है जिनका पिछली सूची में तबादला किया गया था।

आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची में 11 एडीजी, 8 आईजी, 12 डीआईजी व 26 एसपी स्तर के अधिकारियों को बदला गया है। गोविंद गुप्ता को पदोन्नत होने के बाद डीजी जेल का जिम्मा दिया गया है। इस सूची में 15 जिलों के एसपी बदले गए हैं तथा 2 रेंज के आईजी बदले गए हैं। जयपुर पुलिस कमिश्नर के पद पर बीजू जॉर्ज जोसफ व एडीजी क्राइम पद पर दिनेश एमएन को बरकरार रखा गया है।