
अबुझमाड़ इलाके में गुरुवार की सुबह सुरक्षाबल ने ज्वाइंट ऑपरेशन में तीन महिला नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस की जानकारी के मुताबिक नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमें सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी। इस अभियान में अबुझमाड़ से सटे महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस एवं नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई।
सुबह आठ से दो बजे तक चली मुठभेड़
कांकेर एव महाराष्ट्र के सीमावर्ती क्षेत्र में तीन ओर से सुरक्षा बल के जवानों ने नक्सली कैम्प को घेर लिया था। गुरुवार की सुबह करीब 8 बजे सुरक्षा बल के जवानों को देखकर नक्सलियों फायरिंग शुरू कर दी। इससे जवानों ने पोजीशन लेकर जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस एवं नक्सलियों के बीच करीब 4 घंटे तक रूक-रुककर फायरिंग होती रही। दोपहर करीब 2 बजे जवानों को हावी होता देख नक्सली भाग खड़े हुए। सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने कुछ दूर तक उनका पीछा किया इसके बाद घटना स्थल की सर्चिंग की गईं।
नक्सलियों के शव की नहीं हुई शिनाख्त
टीम ने कैंप व उसके आसपास सर्चिंग करने पर वहां तीन हथियार बंद महिला नक्सलियों के शव सहित भारी मात्रा में हथियार सहित दैनिक उपयोग की सामग्री मिली। घटना के बाद सुरक्षा बलों की टीम वापस नहीं लौटी है। इधर मारे गए नक्सलियों के शव की शिनाख्त भी नहीं हो सकी है।
