अमेठी का सियासी रण दिलचस्प होता जा रहा है। यहां की सपा विधायक महराजी प्रजापति के परिवार ने अब भाजपा प्रत्याशी स्मृति जुबिन ईरानी का प्रचार शुरू कर दिया है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारे में नफा नुकसान को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। महराजी पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति की पत्नी हैं।
महराजी प्रजापति ने राज्यसभा चुनाव में नहीं लिया था हिस्सा
राज्यसभा चुनाव के समय उन्होंने पार्टी व्हिप को दरकिनार कर बीमारी की बात कहते हुए मतदान में हिस्सा नहीं लिया था। अमेठी से भाजपा ने स्मृति जुबिन ईरानी को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस-सपा गठबंधन से किशोरी लाल शर्मा चुनावी समर में हैं। दोनों तरफ से राजनीतिक दांवपेच चल रहे हैं। इसी बीच शुक्रवार देर शाम भादर के घोरहा में एक चुनावी जनसभा में भाजपा के मंच पर सपा विधायक महराजी प्रजापति का पूरा परिवार स्मृति के साथ खड़ा दिखा।
सपा विधायक के परिवार पर कांग्रेस का पलटवार
अमेठी की सपा विधायक महराजी प्रजापति के परिवार की ओर से भाजपा का प्रचार करने के सवाल पर इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी नेता व कार्यकर्ता के लिए मां होती है, जो नेता मां को धोखा दे सकता है, वह सच्चा प्रतिनिधि नहीं हो सकता है।
अभी जेल में हैं पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति
चित्रकूट की एक महिला ने गायत्री प्रसाद प्रजापति के खिलाफ 2017 में दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। बाद में न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुना दी। इसके बाद से वह जेल में है। उसपर खनन सहित अन्य मामलों की जांच चल रही है।