
सुरक्षाकर्मियों से भरा रहा पीजी कॉलेज ग्राउंड
पीजी कॉलेज में कार्यक्रम की तैयारी काफी जोर-शोर से चल रही है। वहीं सोमवार को पीजी कॉलेज मैदान में पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों काफी संख्या में उपस्थित रहे। एसपी विजय अग्रवाल द्वारा अलग-अलग टीमों के साथ सुरक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। एसपी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान 1500 से अधिक पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसमें १० आईपीएस, ८० राजपत्रित पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।
नगर निगम क्षेत्र नो फ्लाईंग जोन घोषित
प्रधानमंत्री के शहर प्रवास को लेकर नगर निगम के क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान सुरक्षा को मजबूत करने की दृष्टि से 24 अप्रैल को अम्बिकापुर नगर निगम के क्षेत्र को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया है।
एसपीजी की टीम ने आज भी कराई हेलीकॉप्टर की लैंडिंग
एसपी ने बताया कि सोमवार को भी एसपीजी टीम ने हेलीकॉप्टर की लैंडिंग कराई। एसपीजी की टीम की निगरानी में सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। वहीं सुरक्षा के दृष्टिकोण से होटलों, लॉज व गाडिय़ों की भी चेकिंग की जा रही है। होटल व लॉज संचालकों को आईडी व पूर्ण विवरण लेने के बाद ही आगंतुकों को कमरा देने के निर्देश दिए गए हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों की की जा रही सर्चिंग
एसपी ने बताया कि सम्पूर्ण कार्यक्रम स्थल एवं अन्य प्रस्तावित आगमन के जगहों को कुल 9 अलग-अलग रीजन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक रीजन में पुलिस राजपत्रित अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। हेलीपड से लेकर कार्यक्रम स्थल तक की व्यवस्था हेतु पुलिस बल तैनात किया गया है। लगातार पुलिस बल द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन कर सर्चिंग की जा रही हैं।