Saturday, September 27

चुनाव से पहले कांग्रेस को एक और झटका, पारूल साहू सहित कई कांग्रेस नेता भाजपा में

मध्यप्रदेश में एक के बाद एक कांग्रेस छोड़ भाजपा में जाने का सिलसिला चल रहा है। कांग्रेस के सभी पदों से इस्तीफा देने वाली पारूल साहू ने भी शुक्रवार को सुबह भाजपा ज्वाइन कर ली। इनके अलावा छिंदवाड़ा से भी कुछ नेताओं ने भोपाल पहुंचकर भाजपा की सदस्यता ले ली। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में पारूल साहू को सदस्यता दिलाई गई। इस मौके पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी मौजूद थे।

सुरखी से पूर्व विधायक एवं कांग्रेस में शामिल होने वाली पारूल साहू ने एक बार फिर भाजपा में वापस कर ली है। शुक्रवार को भोपाल में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली। गौरतलब है कि कभी बुंदेलखंड की सुरखी विधानसभा में सुर्खियों में रहने वाली पारूल साहू और गोविंद सिंह राजपूत में प्रतिद्वंदिता थी। अक्सर ही दोनों ही दिग्गज एक दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करते रहते थे।

दो दिन पहले कांग्रेस से दिया था इस्तीफा

इससे दो दिन पहले सागर जिले की सुरखी से पूर्व विधायक पारूल साहू ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। तभी यह माना जा रहा था कि वे भाजपा का दामन थाम सकती हैं। गौरतलब है कि पारूल साहू पहले भाजपा में थीं और फिर कांग्रेस में शामिल हो गईं थीं। अब एक बार फिर उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है और फिर से भाजपा में घर वापसी की तैयारी में हैं।

भाजपा से नाराज हो गई थीं

पारूल साहू साल 2013 में बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ी थीं और तब उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी गोविंद राजपूत को चुनाव में हराया था। लेकिन 2018 के विधानसभा चुनाव में उनका टिकट काट दिया गया। इसके बाद 2020 में हुए सियासी उठापठक में गोविंद सिंह राजपूत कांग्रेस छोड़ भाजपा में आ गए और सुरक्षी सीट पर हुए उपचुनाव में पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बना दिया, इससे पारूल साहू नाराज होकर कांग्रेस में चले गई थीं और कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि वे हार गए थीं।

छिंदवाड़ा के कांग्रेस नेता भी आए

इधर, छिंदवाड़ा के कांग्रेस नेता अमित सक्सेना भी भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ कई समर्थक भी आए हैं। छिंदवाड़ा के जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित सक्सेना के साथ ही शासकीय महाविद्यालय के जन भागीदारी समिति के पूर्व अध्यक्ष शाहिद खान भी भाजपा में शामिल हो गए। यह भी छिंदवाड़ा कांग्रेस में हो रही उपेक्षा से नाराज थे। इनके अलावा रायसेन जिले से भी कांग्रेस नेताओं के भाजपा में शामिल होने की खबर है।