Wednesday, September 24

फ्लाइट में ऐसा क्या हुआ कि मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से शिकायत करने पहुंची भोपाल सांसद

भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं। उनके साथ फ्लाइट में एक बार फिर विवाद हो गया। ऐसा क्या हुआ कि उन्हें केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी शिकाय करना पड़ी है। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने ट्वीट पर भी यह जानकारी दी है। उन्होंने फ्लाइट के मैनेजर इमरान और उनके साथियों पर षडयंत्र का आरोप लगाया है।

एक बार फिर भोपाल सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर के साथ फ्लाइट में विवाद हो गया। इस बार उन्होंने केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया (jyotiraditya scindia) से भी शिकायत की है। शुक्रवार को सुबह-सुबह प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने सिंधिया (@JM_Scindia) को ट्वीट किया है। प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपने ट्वीट में लिखा है कि माननीय उड्डयन मंत्री सिंधिया जी, मुंबई से दिल्ली अकसा एयर लाइन (@AkasaAir) की फ्लाइट नंबर QP1120 से दिल्ली आने पर ड्यूटी मैनेजर इमरान और उसके साथियों द्वारा षड़यंत्र कर मुझे बड़ी हानि पहुंचाने का प्रयास किया। अपेक्षा करती हूं आप कार्यवाही अवश्य करेंगे। जय श्रीराम।
हवाई जहाज में यात्रियों ने सुनाई थी खरी-खरी

इससे पहले भी साध्वी सोशल मीडिया पर ट्रोल हो चुकी है। एक बार जब हवाई यात्रा के दौरान सीट को लेकर क्रू मेंबर्स से विवाद हो गया था। वे इमरजेंसी सीट की मांग को लेकर प्लेन में ही धरने पर बैठ गई थीं। प्रज्ञा ने क्रू पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया था। इस दौरान प्लेन लेट होने के कारण करीब 50 यात्रियों ने हंगामा कर दिया था। एक यात्री ने उन्हें खरी-खोटी सुनाते हुए कहा था कि आपको शर्म आनी चाहिए कि आप इस तरह का बर्ताव कर रही हैं। इस पर यात्रियों और साध्वी आपस में विवाद करने लगे थे। इसका वीडियो काफी दिनों तक वायरल हुआ था।

तब प्रधानमंत्री भी नाराज हो गए थे

पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान साध्वी प्रज्ञा सिंह ने नाथूराम गोडसे को लेकर विवादित बयान दे दिया था। प्रज्ञा ने गोडसे को देशभक्त बताया था। हंगामा हुआ तो प्रज्ञा ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली थी। फिर कहा था कि मां गांधीजी का बहुत सम्मान करती हूं। इसके बाद भाजपा ने उनसे किनारा कर लिया था, वहीं पीएम मोदी ने भी नाराजगी जताते हुए कहा था कि वे साध्वी प्रज्ञा को कभी दिल से माफ नहीं कर पाएंगे। अमित शाह ने भी उनके बयान की निंदा की थी।