कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा अब 20 मार्च की बजाय 10 मार्च को समाप्त हो सकती है। इसके दो कारण बताए जा रहे हैं, पहला कारण कि यात्रा की रफ्तार प्रतिदिन करीब 80 की बजाय 100 किलोमीटर की है। वहीं उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए यात्रा के पांच दिन कम किए गए हैं। दरअसल, राहुल गांधी की न्याय यात्रा फिलहाल छत्तीसगढ़ में चल रही है। वहीं उत्तर प्रदेश में 16 फरवरी के आसपास यात्रा का पहुंचना प्रस्तावित है। वहीं उत्तर प्रदेश में 22 फरवरी से बोर्ड परीक्षा शुरू होने जा रही है। इसको देखते हुए यात्रा को यूपी में 11 दिन की बजाय 6 दिन का किया गया है।
अब यात्रा को 21 फरवरी तक यूपी में चलाने का निर्णय किया गया है। वहीं सूत्रों का कहना है कि 14 जनवरी से इंफाल से यात्रा शुरू हुई थी, जिसे 6700 किलोमीटर की दूरी पूरी कर 20 मार्च को मुंबई पहुंचना है। 30 दिन में यात्रा की प्रतिदिन की औसत रफ्तार 100 किलोमीटर की रही है। इसको देखते हुए यात्रा अपने गंतव्य मुंबई तक निर्धारित समय से पहले पहुंच सकती है। इसके साथ ही यूपी के 6 दिन कम होने से यात्रा का समय और घट सकता है।
तेजी का कारण लोकसभा चुनाव भी
सूत्रों का कहना है कि यात्रा के दौरान कांग्रेस में खासी उठापटक चल रही है। कई बड़े नेता पार्टी का दामन छोड़ चुके हैं। वहीं इंडिया गठबंधन भी तितर-बितर होता दिख रहा है। इसके साथ ही कभी भी लोकसभा चुनाव घोषित हो सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस यात्रा को जल्द से जल्द समाप्त कर उम्मीदवार तय करने व प्रचार शुरू करना चाहती है।