26 जनवरी यानी गणतंत्र दिवस। लेकिन, क्या आपने सुना है कि गणतंत्र दिवस फरवरी में मनाया जाएगा। जी हां, मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में इस माह गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। दरअसल, उज्जैन के बड़े गणेश मंदिर में 17 फरवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाएगा।
गणेश मंदिर में तिथि के अनुसार त्योहार मनाने की कई वर्षों से परंपरा चली आ रही है। क्योंकि हम तारीखों के अनुसार जो त्योहार मनाते हैं वो अंग्रेजी कैलेंडर के अनुसार होता है। हम भारत में रहते हैं और सनातन ही हमारे धर्म और संस्कृति का प्रमुख केंद्र है। इसलिए पंचांग और तिथियों के अनुसार त्योहार मनाना ही शुभ माना गया है। यही बातें हमारे शास्त्रों में भी लिखी हुई है।
पंचांगकर्ता और ज्योतिषाचार्य पं.आनंदशंकर व्यास कहते हैं कि तारीख के अनुसार पर्व त्योहार मनाना अंग्रेजी परंपरा है। भारतीय सनातन धर्म-संस्कृति में व्रत त्योहार पंचांग की तिथि के अनुसार मनाया जाता है। उज्जैन के बड़े गणपति मंदिर में आज भी यह परंपरा है। यहां तक कि व्यास परिवार भी तिथियों के मुताबिक ही त्योहार मनाता है। इसलिए बड़े गणेश मंदिर में प्रतिवर्ष माघ शुक्ल अष्टमी को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है।