पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में इस बार महिलाओं का ज्यादा उत्साह नजर आ रहा है। राजनीतिक दलों ने भी महिलाओं के लिए कई लुभावने वादे किए हैं। इसका असर शुक्रवार को संपन्न दूसरे चरण के मतदान में भी दिखा। मध्यप्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों और छत्तीसगढ़ की बाकी बची 70 विधानसभा सीटों के लिए छिटपुट हिंसा के बीच मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। दोनों राज्यों में मतदान केंद्रों पर महिलाएं सुबह से ही कतार में नजर आईं।
MP में 76, छत्तीसगढ़ में 75 प्रतिशत वोटिंग
मध्यप्रदेश में शाम छह बजे तक कम से कम 76.22 फीसदी और छत्तीसगढ़ में शाम पांच बजे तक कम से कम 75 फीसदी मतदान की सूचना है। इसी के साथ पांच चुनावी राज्यों में से तीन में मतदान की प्रक्रिया पूरी हो गई। इससे पहले, मिजोरम की सभी 40 सीटों और छ्त्तीसगढ़ की 20 सीटों के लिए सात नवंबर को मतदान हुआ था। राजनीतिक दलों ने अब राजस्थान और तेलंगाना में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है, जहां तीसरे और चौथे चरण में क्रमशः 25 और 30 नवंबर को मतदान होना है। पांचों राज्यों के नतीजे एक साथ तीन दिसंबर को आएंगे।
भाजपा हो या कांग्रेस, महिलाओं से सबको आस महिला केंद्रित योजनाएं
– मध्यप्रदेश में भाजपा और कांग्रेस ने महिला मतदाताओं को केंद्र में रखकर तरह-तरह के वादे किए हैं।
– कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना में 1500 रुपए महीने देना का ऐलान किया। भाजपा ने लाड़ली बहना योजना लागू करके 1000 रुपए महीना देना शुरू कर दिया।
– मध्यप्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा ने हर बूथ पर लाड़ली संग सेल्फी अभियान चलाया। तो महिला कांग्रेस ने हर जगह 1500 रुपए गारंटी के साथ देने की बात की।