Monday, October 20

महिला शक्ति वंदन अधिनियम पर विपक्ष ने खड़े किए सवाल, बताया- 2024 का सबसे बड़ा जुमला

नारी शक्ति वंदन अधिनियम मंगलवार को लोकसभा में पेश हो गया है। अब पक्ष और विपक्ष में महिला आरक्षण बिल का श्रेय लेने की होड़ मची है। महिला आरक्षण बिल पर सियासत भी तेज हो गई है। विपक्ष मोदी सरकार पर निशाना साधा रही है। वहीं, कांग्रेस ने बिल को मोदी का एक और स्टंट करार दिया। AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि इस बिल में मुस्लिम महिलाओं के लिए कोटा न होना इसकी बड़ी खामी है। इसके अलावा द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने महिला शक्ति वंदन अधिनियम पर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल खड़े किए है।

जदयू बोली, ये 2024 का सबसे बडा़ जुमला
जनता दल यूनाइटेड सांसद राजीव रंजन (ललन सिंह) ने बुधवार को सदन में चर्चा के दौरान कहा कि हम महिला आरक्षण बिल का समर्थन करते हैं, क्योंकि हम महिला सशक्तिकरण का समर्थन करते हैं। इसके साथ सरकार की मंशा महिलाओं को आरक्षण देने का नहीं है, यह इनका जुमला है। यह 2024 का सबसे बड़ा जुमला है। उन्होंने कहा कि इस देश की जनता आपको जान गई, आपके किसी जुमले पर उसे भरोसा नहीं है, विश्वास नहीं है।

डीएमके ने लगाया बीजेपी पर राजनीति करने का आरोप
डीएमके सांसद कनिमोझी ने कहा कि हम इस विधेयक के बारे में बोलते हुए खुशी हो रही है। हमने सोचा था कि यह विधेयक हम सभी के एक-दूसरे का समर्थन करने और एक साथ खड़े होने से पारित हो जाएगा। लेकिन दुर्भाग्य से, भाजपा ने इसे भी राजनीति के अवसर के रूप में लिया है। महिला आरक्षण विधेयक भाजपा का चुनावी वादा है।

ओवैसी ने बिल पर उठाए सवाल
ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने भी महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) को लेकर सरकार के सामने मांग रखी। ओवैसी ने कहा कि महिला आरक्षण बिल के अंदर मुस्लिम और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए कोटा हो। उन्होंने कहा कि इस बिल में बड़ी खामी यह है कि इसमें मुस्लिम महिलाओं के लिए कोई कोटा नहीं है। इस कारण हम इसके खिलाफ हैं।

जानिए कांग्रेस ने क्या कहा
कांग्रेस चीफ मल्लिकार्जुन खरगे ने भी ओबीसी आरक्षण की मांग की। खरगे ने कहा कि अगर ओबीसी आरक्षण नहीं मिलेगा तो उन महिलाओं के साथ भी अन्याय होगा। सोनिया गांधी ने बुधवार को संसद में अपने संबोधन में कहा कि हमारे महान देश की मां है स्त्री। त्याग की पहचान है स्त्री, इसके धैर्य का पता लगाना मुश्किल है। महिलाओं में समंदर जैसा धैर्य होता है। सोनिया ने आगे कहा कि महिला आरक्षण बिल को सबसे पहले कांग्रेस ने ही पारित कराया। मैं इस बिल का समर्थन करती हूं। राजीव गांधी जी का सपना अभी आधा ही पूरा हुआ है।