Thursday, September 25

रूस का गृह युद्धः राजधानी की ओर बढ़ रही वैगनर आर्मी, एक जुलाई तक मास्को में सामूहिक कार्यक्रमों पर लगी रोक

यूक्रेन (Ukraine) की जवाबी कार्रवाई के चलते रूस (Russia) के लिए युद्ध पहले से ही मुश्किल हो चुका है, पर हाल ही में कुछ ऐसा हुआ है जिससे रूस की चिंता और बढ़ गई है। यूक्रेन के खिलाफ जंग में रूस के लिए अहम भूमिका निभाने वाले वैगनर ग्रुप (Wagner Group) ने अब रूस के खिलाफ ही बगावत कर दी है। वैगनर ग्रुप के लीडर येवगेनी प्रिगोझिन (Yevgeny Prigozhin) की लीडरशिप में वैगनर ग्रुप ने विद्रोह कर दिया है। ऐसे में रूस में हालात बिगड़ गए है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विद्रोही वैगनर लड़ाके मास्को की ओर बढ़ रहे हैं। फिलहाल प्रिगोझिन के सैनिक लिपेत्स्क इलाके से गुजर रहे हैं। माना जा रहा है कि वैगनर सैनिक अभी मास्को से करीब 450 किलोमीटर की दूरी पर हैं। विपरित स्थिति को देखते हुए मास्को में एक जुलाई तक के लिए सामूहिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई है।

यूक्रेन के अखबार का दावा- पुतिन ने देश छोड़ा

इधर यूक्रेन के एक अंग्रेजी के ऑनलाइन अखबार ने ‘द कीव इंडिपेंडेंट’ ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लापता होने संबंधी अटकलों के बारे में ट्वीट किया है। वैगनर समूह के विद्रोह के बाद पुतिन के देश छोड़कर जाने की अटकलें जोर पकड़ रही हैं।

‘द कीव इंडिपेंडेंट’ ने ट्वीट किया, ”रूस में वैगनर ग्रुप के सशस्त्र विद्रोह के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ठिकाने को लेकर अटकलें चल रही हैं। इंडिपेंडेंट रूसी मीडिया आउटलेट एजेंटस्टोवो ने कहा कि स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 2 बजे पुतिन के विमान ने मॉस्को के एक हवाईअड्डे से उड़ान भरी जोकि उत्तरपश्चिम की ओर बढ़ रहा है।

प्रिगोझिन की धमकी
प्रिगोझिन ने हाल ही में रुसी लीडरशिप को पलटने की धमकी के साथ ही रूस के रक्षा मंत्रालय पर भी कब्ज़े की धमकी दे दी है। इसके लिए वैगनर ग्रुप के लड़ाके रोस्तोव-ऑन-डॉन (Rostov-On-Don) शहर पहुंच गए हैं और जानकारी के अनुसार रोस्तोव-ऑन-डॉन में स्थिति बिगड़ रही है।

रूस हुआ अलर्ट, सिविल वॉर का खतरा
वैगनर ग्रुप की बगावत के बाद रूस अलर्ट हो गया है। रक्षा मंत्रालय के साथ ही क्रेमलिन की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। रूस में सिविल वॉर का खतरा पैदा हो गया है। इससे रुसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की टेंशन भी बढ़ गई है। हालांकि पुतिन ने यह कहा है कि वह रूस में सिविल वॉर नहीं होने देंगे, पर आगे क्या होगा, अभी से कुछ कहा नहीं जा सकता। वैगनर ग्रुप रुसी लीडरशिप और आर्मी की भी कई योजनाओं से अच्छी तरह वाकिफ है। प्रिगोझिन के रूस में समर्थकों की भी कमी नहीं है। ऐसे में रूस में जल्द ही हालत और बिगड़ सकते हैं।

क्या कर सकते हैं पुतिन स्थिति कंट्रोल करने के लिए?
रूस में वैगनर ग्रुप की बगावत से स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए पुतिन को पूरा जोर लगाना होगा। प्रिगोझिन लंबे समय से पुतिन का करीबी रहा है। ऐसे में पुतिन शांति से काम निकालने की कोशिश कर सकते हैं। पर चूंकि वैगनर ग्रुप ने रोस्तोव-ऑन-डॉन (Rostov-On-Don) शहर में घुसपैठ शुरू कर दी है और जानकारी के अनुसार एक सैन्य हेलीकॉप्टर को भी उड़ा दिया है, ऐसा लगता है कि शांति से बात करके स्थिति को कंट्रोल करने का समय अब निकल चुका है।

ऐसे में पुतिन को अपनी आर्मी की एक बड़ी टुकड़ी को वैगनर ग्रुप को रोकने के लिए भेजना होगा और स्थिति को कंट्रोल करने की कोशिश करनी होगी।