Friday, September 26

HUM की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक आज, भाजपा के साथ कर सकते हैं गठबंधन जीतन राम मांझी!

देश की जनता की इस वक्त नजर बिहार की राजनीति पर है। बिहार में नीतीश सरकार सात पार्टियों से बनी महागठबंधन से चल रही है। अब इस महागठबंधन को HUM पार्टी यानि जीतन राम मांझी छोड़ चुके हैं। महागठबंधन से अलग होने के बाद आज HUM की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक सुबह 11 बजे होगी। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डा संतोष कुमार सुमन करेंगे। इस बैठक में पार्टी की ओर से अहम निर्णय भी लिए जा सकते हैं। बी प्लान के तहत यह भी तय हो सकता है कि जीतन राम मांझी की पार्टी किसके साथ गठबंधन करेगी। यह संभावना जताई जा रही है कि बैठक के बाद दिल्ली में सोमवार शाम या फिर मंगलवार को अमित शाह व जेपी नड्डा से जीतन राम मांझी और उनके बेटे डा संतोष कुमार सुमन की मुलाकात हो सकती है।

पहले 18 जून को होनी थी बैठक
HUM के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्यामसुंदर शरण ने कहा कि यह बैठक 18 जून को होनी थी पर कुछ कारणों से आज हो रही है। इस बैठक में पार्टी सभी मुख्य बिंदुओं पर चर्चा करेगी और अहम निर्णय लेगी।

गठबंधन पर भी होगी चर्चा – श्यामसुंदर शरण
राष्ट्रीय प्रवक्ता श्यामसुंदर शरण ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी किसके साथ गठबंधन करेगी। यह भी आज की बैठक में निर्णय लिया जाएगा। श्यामसुंदर ने इशारों में कहा कि लोकसभा चुनाव में संभवतः हमारी पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन कर सकती है।

महागठबंधन सरकार से समर्थन लेगी हम
बैठक के बाद यह संभावना है कि हम महागठबंधन सरकार से समर्थन भी वापस लेगी। राजभवन जाकर समर्थन वापसी का पत्र सौंपते हुए इसकी औपचारिकता पूरी की जाएगी। बैठक के बाद जीतन राम मांझी और संतोष सुमन दिल्ली भी जाएंगे। जहां भाजपा समेत अन्य दलों के नेताओं के साथ बैठक की संभावना है।