Saturday, September 27

बिलखते रहे मां पिता-कोई तो डॉक्टर को बुलाओ, दो बच्चों ने गोद में तोड़ दिया दम

विदिशा. एमपी के विदिशा में दर्दनाक हादसा हुआ। यहां आनंदपुर के पास के गांव ओखलीखेड़ा में दीवार गिरने से 2 बच्चों की मौत हो गई जबकि एक बच्चा और उनके पिता घायल हो गए। हादसे में कुल 4 लोग दीवार के मलबे में दब गए थे जिसमें से दो बच्चों की मौत हो गई। इधर हादसे में घायल एक बच्चा और उसके पिता को गम्भीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गांव में एक कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई। बताया जा रहा है कि ग्रामीण निरंजन पंथी के मकान की नींव खोदी जा रही थी जिससे पड़ोसी गणपत पंथी के मकान की कच्ची दीवार टूट कर गली में खेल रहे बच्चों पर जा गिरी।
दीवार के मलबे में वहां खेल रहे तीन बच्चों के साथ ही एक युवक भी दब गया। 7 साल की पूर्वी पंथी और 8 साल के नीतेश पंथी की दर्दनाक मौत हो गई। निरंजन पंथी और उसका 6 साल का बेटा पुनीत भी दीवार के मलबे में दब गए। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
इधर दीवार के मलबे में दबे लोगों को ग्रामीणों ने किसी तरह निकाला। बच्चों को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उनकी मौत की पुष्टि की। इधर घायल बच्चे और उसके पिता की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि ओखलीखेड़ा गांव में मकान के लिए नींव खोदने के कारण गणपत पंथी के मकान की कच्ची दीवार ढह गई। वहां खेल रहे बच्चे उसकी चपेट में आ गए। भरभराकर गिरी दीवार की आवाज सुनकर गांव के लोग दौड़े और मलबा हटाकर बच्चों को निकाल। निरंजन और उसके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया।