Tuesday, September 23

मन की बात का 100वां एपिसोड आज, देश ही नहीं यूएन मुख्यालय में भी सुना और देखा जाएगा लाइव

पीएम नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात का 100वां एपिसोड का प्रसारण रविवार 30 अप्रैल को होगा। भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 100वें एपिसोड को ऐतिहासिक बनाने के लिए खास तैयारी की है। देशभर के 4 लाख केंद्रो पर मन की बात के 100वें एपिसोड का लाइव प्रसारण होगा। इसके साथ ही दुनिया के कई देशों में मन की बात कार्यक्रम को देखा जाएगा। और गर्व की बात है कि, इस कार्यक्रम का प्रसारण संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय में भी किया जाएगा। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने भी पीएम मोदी को ढेर सारी बधाईयां दी है। इसके साथ ही प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने ओडिशा के पुरी समुद्र तट पर मन की बात के 100 एपिसोड का जश्न मनाने के लिए 100 रेडियो के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक रेत की आकृति बनाई है। पटनायक ने लगभग सात टन रेत का उपयोग करके 8 फुट ऊंची रेत कला बनाई है।

यूएन में होगा मन की बात का प्रसारण
इस ऐतिहासिक क्षण पर यूएन ने ट्वीट पर कहा- ऐतिहासिक क्षण के लिए तैयार हो जाइए। पीएम मोदी के मन की बात कार्यक्रम का 100वां एपिसोड का लाइव प्रसारण @UN मुख्यालय में ट्रस्टीशिप काउंसिल चैंबर में भी दिखाया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में रविवार को इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ऐतिहासिक और अभूतपूर्व होगा। न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास, सामुदायिक संगठन के साथ मिलकर भारतीय-अमेरिकी और प्रवासी समुदाय के लिए न्यू जर्सी में रविवार डेढ़ बजे इस कार्यक्रम की मेजबानी करेंगे। उन्होंने कहा- रविवार 30 अप्रैल डेढ़ बजे मन की बात देखना भूलना मत।

हर विधानसभा में 100 स्थानों पर होगा
‘मन की बात’ कार्यक्रम हर विधानसभा में लगभग 100 से अधिक स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। जिसमें स्थानीय सांसद, विधायक व चुने गए जन-प्रतिनिधि तथा पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी व पार्टी कार्यकर्ता कार्यक्रम के संयोजन की व्यवस्था में शामिल होंगे। इसके साथ ही , सिविल सोसायटी, देश भर के विभिन्न सामजिक संगठन एवं अन्य संस्थाएं भी इसमें बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए आगे आ रही हैं।

‘मन की बात’ का प्रसारण 3 अक्टूबर, 2014 को शुरू हुआ था
रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण 3 अक्टूबर, 2014 को प्रारंभ हुआ था। इसे 52 भारतीय भाषाओं-बोलियों और 11 विदेशी भाषाओं में प्रसारित किया जाता है। 27 जनवरी, 2015 को अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा भी प्रधानमंत्री मोदी के साथ इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे। पिछले दिनों आईआईएम रोहतक ने मन की बात पर विस्तृत सर्वे किया। जिसमें यह निकल कर आया था कि, मन की बात कार्यक्रम से देश के लगभग 96 प्रतिशत लोग परिचित हैं। अभी तक इस कार्यक्रम को लगभग 100 करोड़ से ज्यादा लोग सुन चुके हैं। लगभग 23 करोड़ लोगों ने मन की बात कार्यक्रम को नियमित रूप से देखा या सुना है।

देश की प्रगति के बारे में आशावादी महसूस करते हैं 73 फीसद लोग
इसी सर्वे के अनुसार- मन की बात नागरिकों के व्यवहार, विचार एवं मनोस्थिति को सकारात्मक रूप से प्रभावित करती है। लगभग 60 प्रतिशत लोगों ने राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने में रूचि दिखाई है। लगभग 55 प्रतिशत लोग राष्ट्र के एक जिम्मेदार नागरिक बनने की पुष्टि करते हैं। लगभग 73 प्रतिशत लोग देश की प्रगति के बारे में आशावादी महसूस करते हैं। इसका प्रसारण हर महीने के आखिरी रविवार को ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन में होता है। 100वां एपिसोड 30 अप्रैल रविवार को होगा।