Sunday, October 19

COVID-19 केसों में 38% उछाल : 24 घंटे में 7,830 नए मामले, एक्टिव केस 40 हजार के पार

भारत में बीते दिनों से लगातार महामारी कोरोना वायरस की तेज रफ्तार आम लोगों के साथ सरकारों को भी डरा रही है। भारत में पिछले 24 घंटे में कोविड मामलों में 38 प्रतिशत का उछाल देखा गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक बीते एक दिन में कोरोना के 7,830 नए मामले दर्ज किए गए है। इसके बाद देश में कोरोना के कुल 40,215 एक्टिव केस हो गए हैं। हरियाणा के गुरुग्राम जिला प्रशासन ने मंगलवार (12 अप्रैल) को सभी सार्वजनिक स्थानों, सरकारी कार्यालयों, मॉल, निजी कार्यालयों आदि में आम जनता के लिए फेस मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है।

24 घंटे में 7,830 नए मामले
देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 7, 830 नए केस सामने आए। इसके साथ ही देश में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 40,215 हो गई है। बीते दिन (12 अप्रैल) के मुकाबले आज कोरोना के मामलों में काफी तेजी से उछाल देखा गया है। मंगलवार को देश में कुल 5,880 मामले सामने आए थे।

एक दिन में 4,692 लोग हुए ठीक
वहीं, पिछले 24 घंटे में कोरोना से 4,692 लोग ठीक हुए। कोविड से ठीक होने वालों की कुल संख्या 4,42,04,771 है। रिकवरी रेट की बात करें तो वह 98.72 प्रतिशत है। डेली पोजिटिविटी रेट 3.65 फीसदी और वीकली पोजिटिविटी रेट 3.83 प्रतिशत है। देशभर में वैक्सीन की कुल 220.66 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं। डेथ रेट 1.19 प्रतिशत दर्ज हुआ है।

दिल्ली में कोरोना की स्थिति
देश की राजधानी दिल्ली में भी कोरोना के केस तेज़ी से बढ़े हैं। मंगलवार को दिल्ली में 24 घंटे में 980 नए केस रिकॉर्ड किए गए है। इस दौरान दो मरीजों की मौत भी दर्ज की गई। सबसे चिंता वाली बात यहां का संक्रमण दर है जो अब भी करीब 26 फ़ीसदी है। दिल्ली में सक्रिय कोरोना मामले 2,876 हो गए हैं। दिल्ली में कोविड मामलों में बढ़ोतरी के बीच, सुप्रीम कोर्ट ने हाई कोर्ट में मास्क पहनने, हैंड सैनिटाइजर के लगातार इस्तेमाल और सोशल डिस्टेंसिंग के मानदंडों को बनाए रखने सहित निवारक उपायों का पालन करने को कहा है।

महाराष्ट्र में कोरोना में बड़ा उछाल
महाराष्ट्र में भी कोरोना के मामलों में तेजी देखी गई है। 24 घंटे में 919 नए केस मिले हैं जबकि 1 मरीज़ की मौत हुई है। एक्टिव मामलों की कुल संख्या 4 हज़ार 875 हो गई है। मुंबई में एक दिन में 242 नए मामले दर्ज किए गए है। फिलहाल मुंबई में कोरोना के 110 मरीज़ अस्पताल में भर्ती हैं। एक्टिव मामलों की कुल संख्या 1 हज़ार 478 हो गई है।