विदिशा. बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रमों में लाखों लोग आते हैं। पंडित धीरेंद्र शास्त्री अब विदिशा में भी आ रहे हैं, यहां उनकी भागवत कथा आयोजित की जा रही है। भागवत कथा 7 अप्रेल से शुरू होगी जबकि इससे एक दिन पहले यानि 6 अप्रेल को कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस कलश यात्रा में अधिक से अधिक महिलाओं को शामिल कराने की कोशिश की जा रही है। इसके लिए जहां लोग घर -घर जाकर महिलाओं से कलश यात्रा में शामिल होने की विनती कर रहे हैं वहीं इन महिलाओं को कलश भी बांटे जा रहे हैं।
शहर में बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र शास्त्री के आगमन और 7 अप्रेल से उनकी भागवत कथा को लेकर तैयारियां जोरों से चल रही हैं। कथा प्रारंभर होने से एक दिन पहले 6 अप्रेल को देवी के भाग से कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी चल रही है, इसके लिए कलश यात्रा में अधिक से अधिक महिलाओं को शामिल करने के लिए हर संभवन प्रयास किए जा रहे हैं। कलश यात्रा में ज्यादा से ज्यादा महिलाएं शामिल हों, इसके लिए सनातन श्री हिन्दू उत्सव समिति महिलाओं को निशुल्क कलश वितरित कर रही है।
शहर के मंदिरों में यह कलश वितरण किया जा रहा है। समिति अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह राजपूत ने बताया कि बागेश्वर धाम प्रमुख पंडित धीरेंद्र शास्त्री की कथा के पहले निकलनेवाली कलश यात्रा के लिए ये कलश बांटे जा रहे हैं। प्रथम चरण में गुरुवार तक विदिशा शहर के अलग अलग देवी मंदिरों पर कलश वितरण किए गए। इसमें दुर्गा मंदिर दुर्गा नगर, सिद्धेश्वरी मंदिर स्टेशन, खेड़ापति माता मंदिर खरी फाटक जैसे मुख्य मंदिर शामिल हैं। महिला मंडल की अध्यक्ष मिथिलेश दांगी ने कलश बांटते हुए सभी महिलाओं से कलश यात्रा में शामिल होने का अनुरोध भी किया। प्रवक्ता मनोज शर्मा ने बताया कि गुरुवार तक समिति ने 1545 कलश निशुल्क बांटे हैं। कलश यात्रा के साथ ही मुख्य कार्यक्रम को भी भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है।