भोपाल। बिलखिरिया इलाके में एक बहशी जीजा ने अपनी चार साल की मासूम साली को मौत के घाट उतार दिया। घटना का खुलासा डेढ़ साल बाद उस वक्त हुआ जब आरोपी को दूसरी साली के साथ बलात्कार के मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को इस मामले में भी आरोपी बनाया है। पुलिस जानकारी के मुताबिक मोती सिंह पुत्र बापू सिंह कान्हासय्या में रहता है। वह मजदूरी का काम करता है। उसके खिलाफ 6 जनवरी को महिला हेल्पलाईन में साली से बलात्कार करने का मामला दर्ज कराया था। बिलखिरिया पुलिस ने मोती सिंह को इस मामले में गिरफ्तार करने के बाद जांच शुरू की तो पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी आरोपी ने दी। उसने पुलिस को बताया कि वर्ष 2012 में दीपावली पर उसका विवाद पत्नी रेखा से हो गया था। इस दौरान उसकी चार साल की मासूम साली मनीषा बीच में आ गई। आरोपी ने उसे गुस्से में गला दबाकर मार डाला। इस घटना के खुलासे के बाद आरोपी पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसे इस मामले में भी आरोपी बनाया गया है। बताया जाता है कि घटना के बाद आरोपी की पत्नी रेखा घर से लापता है।