गुना. मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के गढ़ में आज नगर सरकार का फैसला होगा, यहां नगर पालिका का गठन होने के बाद से आज तक भाजपा की सरकार नहीं बन पाई है, लेकिन इस बार कांग्रेस भी कोई रिस्क नहीं लेना चाहती है, यही कारण है कि भाजपा से अधिक पार्षद होने के बावजूद पार्षदों की बाड़ाबंदी कर दी गई है। इस कारण आज होने वाले नगर पालिका अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव पर हर किसी की निगाह टिकी है।
जानकारी के अनुसार राघौगढ़ में आज सुबह 11 बजे नपाध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। कलेक्टर फ्रेंक नोबल ए ने उक्त कार्रवाई के लिए नगर पालिका परिषद राघौगढ़-विजयपुर के लिए आर अंजली अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुभाग राघौगढ़ को पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया है। नगर पालिका परिषद राघौगढ़-विजयपुर के लिए एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष तथा अपील समिति के लिए 02 सदस्यों का निर्वाचन 10 फरवरी समय प्रात: 11 बजे, नगर पालिका सभागृह में पार्षदों द्वारा नपा अध्यक्ष व उपाध्यक्ष का चुनाव सम्पन्न कराया जाएगा।
कांग्रेस के 16 पार्षद फिर भी टेंशन
आपको बतादें कि वैसे तो राघौगढ़ कांग्रेस का गढ़ रहा है, यहां अभी तक भाजपा की नगर सरकार नहीं बन पाई है, लेकिन इस बार कांग्रेस कोई रिस्क नहीं लेना चाहती है, इसी कारण पार्षदों की बाड़ाबंदी कर दी गई है, मतगणना होने के बाद से ही पार्षदों को बाहर भेज दिया है, हालांकि भााजपा के पार्षद राघौगढ़ में ही हैं, यहां कुल 24 वार्डों में से 16 सीट पर कांग्रेस और 8 सीट पर भाजपा के पार्षद जीते हैं। अब देखना है कि नगर सरकार किसकी बनेगी। वैसे तो 16 कांग्रेस पार्षद होने के कारण कांग्रेस की नगर सरकार बनने की उम्मीद है, लेकिन कहीं भाजपा की सरकार बन गई तो निश्चित ही राघौगढ़ के इतिहास में यह पहली बार होगा।