भोपाल। मेनिट (मौलाना आजाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान) में शनिवार 21 जनवरी से 8वां भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव का शुभारंभ हुआ। इस आयोजन में केंद्रीय विज्ञान एंव प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं एमपी के विज्ञान और प्रोद्योगिकी मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा भी मौजूद थे। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में 15 कार्यक्रम होंगे। विज्ञानिका उत्सव की थीम पर एक विशाल प्रदर्शनी भी लगाई गई है।
विज्ञान महोत्सव का आयोजन केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, परमाणु ऊर्जा विभाग, अंतरिक्ष विभाग और मध्यप्रदेश सरकार की ओर से किया जा रहा है। इस आयोजन में 10 हजार प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। जबकि देश के 300 से अधिक संस्थान अपनी खूबियां बताए आए हुए हैं। इस आयोजन में शाम को पार्श्व गायक पद्मश्री कैलाश खेर संगीतमय प्रस्तुति देंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह हमारे वैज्ञानिकों की क्षमता है कि भारत ने 100 से ज्यादा देशों को वैक्सीन देने का चमत्कार किया है। एक जमाना था जब हमारे उपग्रह दूसरों देशों से लॉन्च होते थे, लेकिन अब हम अपने उपग्रह के साथ दूसरे देशों के उपग्रह भी लॉन्च कर रहे हैं।
12.00 PM
चौहान ने कहा कि वैज्ञानिक सोच का प्रकटीकरण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी की लीडरशिप में कोविड महामारी के दौर में हमने देखा है कि देश के वैज्ञानिकों ने एक नहीं दो-दो वैक्सीन तैयार करके दे दी। चौहान ने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। मोदीजी के नेतृत्व में हमारे साइंटिस्ट चमत्कार कर रहे हैं। चौहान कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत का निर्माण हो रहा है। भारत के निर्माण में साइंस, टेक्नॉलोजी, इनोवेशन का महत्वपूर्ण रोल है। मोदीजी की सोच पूरी तरह साइंटिफिक है।
11.55 AM
मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने पीएम मोदी और केंद्रीय राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह जी आपको साइंस फेस्टीवल को मध्यप्रदेश की धरती और प्रदेश के गौरव मैनिट भोपाल में आयोजित करने के लिए हृदय से धन्यवाद देता हूं। चौहान ने कहा कि नवाचार, नए आविष्कार, वैज्ञानिक सोच भारत की संस्कृति, मिट्टी और जड़ों में है। आज से नहीं हजारों साल से भारत विज्ञान और प्रोद्योगिकी के क्षेत्र में आगे है।
11.54 AM
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पूरे हॉल के एसी बंद करवाकर बिजली बचाने का संदेश दिया। चौहान ने कहा कि सर्दी के दिन है। कोट-पैंट पहने लोग बैठे हैं, इसमें एसी चलाने की जरूरत क्या है। पीएम मोदी ऊर्जा बचाने के पक्षधर हैं। जब जरूरत हो तो बिजली का इस्तेमाल करें।
11.35 AM
जितेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे देश में प्रतिभा की कभी कमी नहीं रही है। लोगों में क्षमता और जज्बा भी कम नहीं था। आंखों में सितारे भी कम नहीं थे। लेकिन शायद तब उस प्रकार अनुकूलता का वातावरण नहीं था। परंतु अब वातावरण बदला है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप की अपार संभावनाएं हैं, मध्यप्रदेश में बांस बहुतायत में पाया जाता है और वेस्ट टू वेल्थ सेक्टर में भी मध्यप्रदेश बहुत योगदान कर सकता है।
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह का संबोधन शुरू
केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ना केवल वैज्ञानिक कार्यक्रमों और योजनाओं को प्रोत्साहित कर रही है बल्कि निरंतर नए-नए प्रयोगों को बढ़ावा भी दे रही है।
विज्ञान महोत्सव में यह है खास
यह भी होंगे इवेंट्स
इस महोत्सव में 15 अलग-अलग इवेंट्स भी देखने को मिलेंगी। इनमें भारतीय कारीगरों की प्रौद्योगिकी पर केंद्रित आर्टिंसंस टेक्नोलॉजी विलेज-वोकल फॉर लोकल, शोधकर्ताओं के बीच वैचारिक आदान-प्रदान के लिए फेस टू फेस विथ न्यू फ्रांटियर्स इन साइंस, गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड्स, इंटरनेशनल साइंस फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया, मेगा साइंस एंड टेक्नालॉजी एग्जीबिशन, नेशनल सोशल ऑर्गनाइजेशन एंड इंस्टीट्यूशंस मीट, न्यू एज टेक्नॉलॉजी शो, साइंस थ्रू गेम्स एंड ट्वाइज, स्टार्टअप कॉनक्लेव, स्टेट साइंस एंड टेक्नालॉजी कांउसिल्स कॉनक्लेव, स्टूडेंट इनोवेशन फेस्टिवल, स्टूडेन्ट्स साइंस विलेज, वैज्ञानिका-साइंस लिटरेचर फेस्टिवल, यंग साइंटिस्ट कॉन्फ्रेंस, मेंटरिंग एंड कॉउंसिलिंग साइंटिफिक डिस्कशन सम्मिलित हैं।