हिमालय से चल रही ठंडी हवाओं ने मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा दी है। इसके साथ ही दिल्ली-यूपी सहित पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड से कांप रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, ठंड के और बढ़ने के आसार हैं। थोड़ी राहत के बाद फिर से उत्तर भारत समेत दिल्ली में भी सर्दी का सितम बढ़ गया है। दिल्ली-NCR में सर्दी और शीतलहर का सितम को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यूपी में ठंड के साथ ही शीतलहर का सितम जारी है। हालांकि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है।
दिल्ली में सर्दी और शीतलहर का सितम, दो दिन कोल्ड-डे
देश की राजधानी में सर्दी और शीतलहर का सितम जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन कोल्ड—डे घोषित किया गया है। इसके साथ ही येलो अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी ने कहा कि लोधी रोड, पालम, जाफरपुर और मयूर विहार सहित राष्ट्रीय राजधानी में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री नीचे गिर गया।
घने कोहरे से रेल और हवाई यातायात प्रभावित
राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में सुबह के दौरान हल्का कोहरा छाने की वजह से दृश्यता घट गई, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सिंधु-गंगा के मैदानी क्षेत्र और देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों के इलाकों में घना कोहरा छाने से रेल और हवाई यातायात प्रभावित है।
7 जनवरी तक चलेगी शीतलहर
राजधानी दिल्ली में भी घना कोहरा बना रहेगा। आज (4 जनवरी) को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं। इसके साथ ही मध्यप्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय के अलग-अलग इलाकों मंगलवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिसके कारण ठंड और बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 5-7 जनवरी तक दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तरी हिस्सों के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने के कारण ठंड और बढ़ सकती है।
उत्तर भारत में छाएगा घना कोहरा
IMD ने अगले 4-5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में घना कोहरा और कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। कोहरे और दिन में बादल छाए रहने की वजह से मंगलवार को पंजाब के अधिकांश हिस्सों, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में ठिठुरन महसूस की गई। आईएमडी के मुताबिक, अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में शीत लहर जारी रहेगी। खराब मौसम के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही वाहनों के बीच टक्कर की संभावना, ट्रेनों के परिचालन में देरी और उड़ानों के रद्द खबरें सामने आ रही है।
यूपी के इन 60 जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए यूपी के 60 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलो में कोल्ड डे की चेतावनी जारी की है। यूपी के इन 60 जिलों में पश्चिमी यूपी के अलावा पूर्वांचल के भी कई जिले शामिल हैं। इन जिलों में घना से घना कोहरा रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, यह अलर्ट दो दिनों के लिए जारी किया है।