Wednesday, September 24

चक्रवात सितरंग का कहर: बांग्लादेश में 7 लोगों की मौत, भारत के इन राज्यों में रेड अलर्ट

सोमवार देर रात घनी आबादी वाले देश के कुछ हिस्सों में चक्रवात सितरंग की चपेट में आने से बांग्लादेश में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। आपदा मंत्रालय के नियंत्रण कक्ष के प्रवक्ता निखिल सरकार के हवाले से बताया कि बरगुना, नारेल, सिराजगंज और द्वीपीय जिले भोला से मौतों की सूचना मिली थी।

बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात सितरंग का असर अब दिखने लगा है। चक्रवाती तूफान सितरंग के बांग्लादेश में अपना प्रकोप दिखा रहा है। चक्रवात ने सोमवार की मध्यरात्रि पर कहर बरपाते हुए 7 लोगों की जान ले ली। बंगाल पर मंडराते चक्रवाती तूफान के मद्देनजर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार भी अलर्ट पर है। आपदा मंत्रालय के नियंत्रण कक्ष के प्रवक्ता निखिल सरकार ने न्यूज एजेंसी को बताया कि बरगुना, नरेल, सिराजगंज और भोला द्वीपीय जिले से कई लोगों की मौतों की सूचना मिली है। पश्चिम बंगाल में भी रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिससे लोग घर में कैद रहने पर मजबूर हो गए हैं।

सितरंग का बांग्लादेश में कहर, 7 की मौत

चक्रवात सितरंग ने बांग्लादेश में दस्तक दे दिया और अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है।बांग्लादेश में साइक्लोन सितरंग के लैंडफॉल की वजह से पांच लोगों की मौत हो गई। समाचार एजेंसी एएफपी ने आपदा मंत्रालय के नियंत्रण कक्ष के प्रवक्ता निखिल सरकार के हवाले से बताया कि बरगुना, नरेल, सिराजगंज और द्वीपीय जिले भोला से मौतों की सूचना मिली थी।

हजारों लोगों और पशुओं को स्थानांतरित किया

कॉक्स बाजार तट पर हजारों लोगों और पशुओं को सोमवार को चक्रवाती आश्रयों में स्थानांतरित कर दिया गया था क्योंकि चक्रवात सितरंग के कारण खराब मौसम की स्थिति उत्पन्न हुई थी। चक्रवात ने चटगांव-बरिसाल तट पर रात करीब 9:00 बजे (8:30 बजे IST) लैंडफॉल बनाया। कॉक्स बाजार के उपायुक्त मामुनूर राशिद ने एएनआई के हवाले से कहा, आस-पास के शैक्षणिक संस्थानों को भी जरूरत पड़ने पर आश्रय के रूप में इस्तेमाल करने के लिए तैयार रखा गया है। उन्होंने कहा कि जान और संपत्ति की रक्षा के लिए लोगों को आश्रय स्थलों से निकाला जा रहा है।

पश्चिम बंगाल 100 से ज्यादा राहत केंद्र खोले

चूंकि चक्रवात सितरंग के पड़ोसी भारतीय राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसलिए एहतियात के तौर पर पश्चिम बंगाल के निचले इलाकों से कई हजार लोगों को निकाला गया और 100 से अधिक राहत केंद्र खोले गए। भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कृषि और बागवानी फसलों सहित खड़ी फसलों को नुकसान होने की आशंका है।

भारत के इन राज्यों में रेड अलर्ट

चक्रवात सितरंग के कारण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश होने के आसार है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, मिजोरम और त्रिपुरा में आज अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ छिटपुट भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

मेघालय में आज स्कूल-कॉलेज बंद

मेघालय में आपदा प्रबंधन अधिकारियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। बांग्लादेश की सीमा से लगे 4 जिलों में चक्रवात के मद्देनजर मंगलवार को सभी स्कूल-कॉलेज बंद रखे जाएंगे। इन 4 जिलों में पूर्व और पश्चिम जयंतिया हिल्स, पूर्वी खासी हिल्स और दक्षिण पश्चिम खासी हिल्स शामिल हैं।