Wednesday, September 24

महाराष्ट्र में शिवराज बोले- इन्वेस्ट के लिए सबसे अच्छी जगह एमपी, रोडमैप भी बताया

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को महाराष्ट्र में थे। उन्होंने इंटरेक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपार्च्युनिटी इन मध्यप्रदेश कार्यक्रम को संबोधित किया। यह कार्यक्रम पुणे में हुआ था। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर उद्योगपतियों के साथ मुलाकात की और जनवरी में इंदौर में होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर समिटि में शामिल होने का भी न्यौता दिया। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2016-27 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 550 बिलियन डालर बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए चौहान ने रोडमैप भी बताया।

इन्वेस्ट के लिए मध्यप्रदेश है ‘उत्तम प्रदेश’

चौहान ने इस मौके पर कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू है। प्रत्येक उद्यम के लिए यहाँ स्किल मैन पावर की उपलब्धता है। आत्मनिर्भर भारत के लिए ‘आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश’ का रोड मैप हमने बनाया है। हमने तय किया है कि 550 बिलियन डॉलर की इकोनॉमी मध्यप्रदेश को बनाएंगे। चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश में हमारे मुख्य फोकस क्षेत्र हैं, इंफ्रा, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुशासन और अर्थव्यवस्था एवं रोजगार। मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश इन्वेस्टमेंट के लिए बहुत उत्तम प्रदेश है। ई व्हीकल भविष्य की जरूरत है इसलिए हमने मध्यप्रदेश में ईवी पार्क बनाने का फैसला किया है।

टॉप-5 राज्यों में मध्यप्रदेश का नाम

सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश की आर्थिक विकास दर देश में सबसे ज्यादा रही है। भारत के सकल घरेलू उत्पाद में सबसे ज्यादा योगदान करने वाले टॉप के 5 राज्यों में मध्यप्रदेश का नाम है। यहां की अर्थव्यवस्था में 8 फीसदी योगदान मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का है। इसे अगले एक दशक में बढ़ाकर 15 फीसदी करने का हमारा लक्ष्य है। इसके साथ ही पूंजीगत व्यय को बढ़ाकर भी 43 हजार करोड़ रुपए किया गया है।

ई-व्हीकल का है भविष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऑटो मोबाईल सेक्टर की कई कंपनियों की उपस्थिति मध्यप्रदेश में है। भविष्य ई-व्हीकल का है। हमने मध्यप्रदेश में ईवी पार्क के लिए 300 एकड़ जमीन आरक्षित भी की है।

टेक्सटाइल इंडस्ट्री पर सरकार का फोकस

चौहान ने टेक्सटाइल इंडस्ट्री के विकास की संभावनाओं पर भी बात कही। उन्होंने कहा कि एमपी का कपास उत्पादन में देशभर में 5वां स्थान है। प्रदेश में स्किल्ड मैनपावर की प्रचुरता है। पीएम मित्रा स्कीम के अंतर्गत टेक्सटाइल पार्क स्वीकृत करने के लिए प्रस्ताव भेजे गए हैं। इस क्षेत्र में यहां 3513 करोड़ का इन्वेस्ट किया जा रहा है। मध्यप्रदेश चंदेरी सिल्क जैसे पारंपरिक वस्त्रों का गृह राज्य है।

पर्यटन में भी आगे

चौहान ने कहा कि इंदौर-भोपाल के बीच एक ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट की स्थापना हो रही है, जो देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनने जा रहा है। इसके साथ ही मेगा औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना हो रही है। इस पूरे प्रोजेक्ट को 15 हजार एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा। राज्य में पर्यटन क्षेत्र की संभावनाओं पर सीएम ने कहा कि इस मामले में मध्य प्रदेश देश का सबसे समृद्ध राज्य है। मध्यप्रदेश में 25 अभ्यारण्य, 10 नेशनल पार्क, 6 टाइगर रिजर्व, 3 यूनेस्को वर्ल्ड हेरीटेज साइट और 2 ज्योतिर्लिंग हैं। एमपी देश का टाइगर स्टेट, लेपर्ड स्टेट, पैंथर स्टेट भी बन गया है। 70 साल बाद भारत में चीता वापस आए हैं और एमपी को उनका नया घर बनाया गया है।