
इंदौर. कांग्रेस ने भारत जोड़ो पदयात्रा शुरू की है। मध्य प्रदेश में यह यात्रा नवंबर महीने में आएगी। इसके मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने जिला समन्वयक और सह समन्वय की नियुक्ति कर दी है। इंदौर जिले का समन्वयक नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे को बनाया गया है। इससे उनका कद बढ़ गया है। चिंटू पदयात्रा के प्रभारी दिग्विजय सिंह की पसंद होने के साथ कांग्रेस के हर आयोजन में भीड़ जुटाने में भी पीछे नहीं रहते हैं। इधर, पदयात्रा के लिए चिंटू को समन्वयक बनाने का एक बड़ा कारण हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के गढ़ दो नंबर विधानसभा में चार वार्डों को जिताना है, जिसका उन्हें इनाम मिला।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो पदयात्रा शुरू की है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से पदयात्रा की शुरुआत 7 सितंबर से हुई है। करीब 150 दिनों तक चलने वाली पदयात्रा का आज 5वां दिन है। कन्याकुमारी से शुरू होकर कश्मीर में पदयात्रा समाप्त होगी। देश में बढ़ती बेरोजगारी, भय, कट्टरता, पूर्वाग्रह की राजनीति, आजीविका विनाशक अर्थशास्त्र और पैर पसारती असमानताओं की परिस्थितियों के खिलाफ यह पदयात्रा निकाली जा रही है।
भारत जोड़ो पदयात्रा 24 नवंबर को बुरहानपुर से प्रवेश करेगी। पूरे प्रदेश में पदयात्रा को लेकर माहौल बने इसके लिए प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने प्रदेश के 52 जिलों में समन्वयक और सह समन्वयक नियुक्त कर दिए हैं। इंदौर जिले का समन्वयक चिंटू चौकसे को बनाया गया है जो कि नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष भी हैं।
कांग्रेसियों के अनुसार चिंटू को पदयात्रा का समन्वयक बनाने की वजह हाल ही में हुए नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा के गढ़ दो नंबर विधानसभा में चार वार्ड 20, 21, 22 और 23 को कांग्रेस को जितवाना है। इसका इनाम उन्हें मिला है। पार्टी के हर आयोजन में चिंटू भीड़ अलग लेकर पहुंचते हैं। इसलिए पदयात्रा के इंदौर पहुंचने पर उन्हें 20 हजार लोगों की भीड़ जुटाने का टारगेट दिया गया है। इसे कैसे पूरा करना है, यह चिंटू अच्छे से जानते हैं।
इंदौर शहर से लेकर ग्रामीण नेताओं के बीच चिंटू का किसी से बैर नहीं और सभी नेताओं में समन्वयक बनाने में भी सक्षम हैं। इसीलिए उन्हें पदयात्रा का समन्वयक बनाकर जिम्मेदारी सौंपी गई है। भारत जोड़ो पदयात्रा जब इंदौर आएगी तब भव्यता के साथ अगवानी की जाएगी। इसके लिए तैयारी जल्द ही शुरू होगी।
पटवारी चल रहे कदम से कदम मिलाकरभारत जोड़ो पदयात्रा को लेकर प्रदेश में तैयारियां प्रारंभ हो गई हैं। यात्रा में प्रदेशाध्यक्ष नाथ सहित पार्टी के तमाम छोटे-बड़े नेता शामिल होंगे। दिग्विजय सिंह पूरे समय यात्रा के साथ रहेंगे, जबकि विधायक जीतू पटवारी यात्रा के सदस्य होने के नाते राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं।
इंदौर की 4 विधानसभाओं को करेंगे कवर
भारत जोड़ो पदयात्रा इंदौर शहर और ग्रामीण की मिलाकर 8 विधानसभाओं में से 4 को कवर करेगी। इसमें राऊ, चार नंबर, तीन नंबर और एक नंबर विधानसभा शामिल है। महू विधानसभा से यात्रा राऊ पहुंचेगी। गौरतलब है कि 24 नंवबर को बुरहानपुर से पदयात्रा प्रवेश करेगी। इसके बाद नेपानगर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, इंदौर, उज्जैन, आगर मालवा के सुसनेर विधानसभा क्षेत्र से होते हुए 10 दिसंबर के आसपास राजस्थान के कोटा में प्रवेश करेगी। उज्जैन में महाकाल के दर्शन के बाद सभा भी होगी। मध्य प्रदेश में यात्रा करीब 16 दिन तक रहेगी।