Sunday, September 28

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 76वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्र को करेंगी संबोधित

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 76वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर रविवार यानी आज शाम 7 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हाल ही में 25 जुलाई को भारत की 15वीं राष्ट्रपति बनी हैं। देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर निर्वाचित होने के बाद राष्ट्रपति का यह पहला संबोधन होगा। न्यूज एजेंसी के मुताबिक राष्ट्रपति का संबोधन शाम 7 बजे से दूरदर्शन के सभी चैनलों, आकाशवाणी (AIR) के सभी नेटवर्कों पर पहले हिंदी में और फिर अंग्रेजी भाषा में प्रसारित होगा।
वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 15 अगस्त को लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करेंगे। भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने की खुशी में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। इसी के तहत हर घर तिरंगा मुहिम भी चलाई जा रही है, जिसमें मंत्री, नेता, सांसद, विधायक, मुख्यमंत्री सहित अन्य लोग बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं।
 भारत की स्वतंत्रता के बाद जन्मी भारत की पहली राष्ट्रपति हैं द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पिछले महीने 25 जुलाई को भारत की 15वीं राष्ट्रपति बनी हैं, जो देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होने वाली सबसे कम उम्र की महिला हैं। इसके साथ ही आदिवासी समाज से राष्ट्रपति बनने वाली भी वह पहली महिला हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहली ऐसी राष्ट्रपति हैं जिनका जन्म देश स्वतंत्रता के बाद हुआ है। इससे पहले जो भी राष्ट्रपति बने हैं उनका जन्म भारत की स्वतंत्रता के पहले हुआ था।

देश भर में आयोजित हो रहे हैं कई कार्यक्रम

आजादी के 75 साल पूरे होने की खुशी में देश भर में पहले से ही ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से हर घर में तिरंगा फहराने और सोशल मीडिया पेजों, अकाउंटों पर तिरंगे को डीपी बनाने की अपील के साथ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत की है, जिसमें लोग बढ़-चढ़ कर हिस्सा ले रहे हैं। इसी के तहत कल देश के विभिन्न स्थानों में ‘तिरंगा रैली’ भी निकाली गई, जिसमें कई मंत्री, सांसद, विधायक व आम लोग भी शामिल हुए।

लोगों के घरों में शान से लहराया तिरंगा

शनिवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत देश भर में विभिन्न ऊंचाई वाली सीमाओं पर राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगे’ को फहराया, जिसके तहत जवानों ने भारत-चीन के पास 3,488 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित अपनी सीमा चौकियों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके साथ ही गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित अन्य कई बड़े नेताओं ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगे को फहराया। वहीं आम लोगों ने भी अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराया, जिसकी फोटोज लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से शेयर की।