जबलपुर। मध्यप्रदेश में आय से अधिक संपत्ति के मामले हर दिन सामने आ रहे हैं। सोमवार सुबह भी जब इओडब्ल्यू (eow) की टीम सहायक प्रबंधक के घर और दफ्तर पहुंची तो हैरान रह गई। खबर लिखे जाने तक आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के सहायक प्रबंधक के निवास और कार्यालय पर कार्रवाई जारी थी।
सोमवार को सुबह इओडब्ल्यू की जबलपुर टीम ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के सहायक प्रबंधक पन्नालाल उईके के कुंडम स्थित निवास पर सर्चिंग की। सोमवार सुबह अचानक आए EOW की टीम देखकर उईके के परिवार में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में ही पन्नालाल के पास से आय से 218 प्रतिशत अधिक संपत्ति पाई गई है। आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो की सर्चिंग खबर लिखे जाने तक जारी है। इओडब्ल्यू के अधिकारियों के मुताबिक जिस प्रकार से संपत्ति मिल रही है उसका आंकड़ा और अधिक बढ़ सकता है।
अब तक क्या मिला
- ग्राम जमगांव में दो मकान जो 4 हजार वर्गफीट के हैं।
- ग्राम अमलाई में 3.55 हेक्टेयर कृषि भूमि।
- ग्राम जमगांव में 1.67 हेक्टेयर कृषि भूमि।
- ग्राम डोली में 5 एकड़ कृषि भूमि।
- ग्राम जमगांव में 1.38 हेक्टेयर कृषि भूमि।
- एक ट्रैक्टर।
- एक थ्रेसर।
- 6 मोटरसाइकिल
और खुलासे होंगे
इओडब्ल्यू के एसपी देवेंद्र सिंह के निर्देश पर आरोपी पन्नालाल उईको के खिलाफ धारा 13(1) 13 (2) के तहत डीएसपी एव्ही सिंह, निरीक्षक स्वर्णजीत सिंह धामी, निरीक्षक प्रेरणआ पांडे, निरीक्षक मोमेंद्र मर्सकोले, उपनिरीक्षक गोविंद सिंह की टीम ने सोमवार सुबह यह सर्चिंग की है। एसपी देवेंद्र सिंह का कहना है कि जांच के दौरान अभी और भी संपत्ति उजागर होने का अनुमान है।