आज निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद के लिए बेहद खास दिन है। देश के 14 वें राष्ट्रपति के तौर पर उनका कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है और उनकी जगह द्रौपदी मुर्मू लेंगी। ऐसे में आज वो राष्ट्र की जनता को संबोधित करेंगे और अपने कार्यकाल के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। ये कार्यक्रम आज शाम 7 बजे दूरदर्शन और ऑल इंडिया रेडियो पर प्रसारित किया जाएगा। उनका सम्बोधन हिन्दी और अंग्रेजी के बाद अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में आकाशवाणी पर रान साढ़े नौ बजे प्रसारित किया जाएगा।
विदाई समारोह में दिया भावनात्मक भाषण
आज देश के 14 वें राष्ट्रपति जनता के नाम अपना संदेश देंगे और अपने कार्यकाल के बारे में विस्तार से बताएंगे। सभी की निगाहें उनके सम्बोधन पर होगी। इससे पहले शनिवार
को राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के लिए संसद में विदाई समारोह आयोजित किया गया था जिसमें सभी सांसदों के साथ स्वयं पीएम मोदी भी उपस्थित रहे। विदाई समारोह में राष्ट्रपति कोविन्द ने भावनात्मक विदाई भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने सभी का धन्यवाद किया जिस वजह से उन्हें राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा करने का अवसर मिला। वहीं, शुक्रवार को उनके लिए एक एक डिनर पार्टी भी पीएम मोदी द्वारा आयोजित की गई थी।
25 जुलाई को द्रौपदी मुर्मू लेंगी शपथ
बता दें वर्ष 2017 में 25 जुलाई को ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने शपथ ग्रहण की थी। उनका कार्यकाल सुगम रहा और अब उनके बाद उनकी जगह द्रौपदी मुर्मू लेंगी।आज 24 जुलाई को रामनाथ कोविन्द राष्ट्रपति भवन खाली कर देंगे। द्रौपदी मुर्मू 25 जुलाई को राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी।
उपराष्ट्रपति चुनाव पर सबकी निगाह
बता दें कि राष्ट्रपति चुनाव के बाद अब सभी की निगाहें उपराष्ट्रपति के चुनाव पर है जिसमें एनडीए उम्मीदवार जगदीप धनखड़ और विपक्षी उम्मीदवार मार्गेट अल्वा के बीच टक्कर होगी।