
इटारसी। रेलवे स्टेशन परिसर में सफाई नहीं हो रही है। परिसर में फैले गंदगी की खबर बुधवार को दोपहर को सोशल मीडिया में चली। इसे देख रेल सलाहकार समिति सदस्य राजा तिवारी ने तत्काल भोपाल के अधिकारियों को स्थानीय प्रबंधन के लापरवाही की शिकायत की। जिसका असर ये हुआ कि तत्काल स्थानीय रेल अधिकारी सक्रिय हुए और परिसर समेत मालगोदाम, सायकल स्टैंड आदि के पास पड़ी गंदगी की सफाई करवाई।
स्टेशन प्रबंधक देवेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि स्टेशन की साफसफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के भरपूर प्रयास कर रहे हैं। वे स्वयं प्लेटफार्मो पर निरीक्षण कर जहां भी गंदगी मिलती है, उसे कर्मियों से साफ करवा रहे हैं।
सफाई का ठेका अवधि हुई खत्मबताया जाता है कि रेलवे स्टेशन की सफाई का ठेका 30 जून को खत्म हो गया है। इससे पहले ठेके के समय स्टेशन परिसर की सफाई व्यवस्था 160 कर्मचारी रखे गये थे। कोरोनाकाल के कारण करीबन 10 प्रतिशत कर्मचारियों को कम कर दिया गया। जिसके बाद 144 कर्मचारी सफाई कार्य कर रहे है।
अब ठेका खत्म होने के बाद साफसफाई व्यवस्था तीन शिफ्ट में सुबह से दोपहर तक 46, दोपहर से रात तक 24 और रात से सुबह तक 15 कर्मचारी कर रहे हैं। हालांकि स्टेशन की प्रमुखता को देखते हुए वर्तमान सफाई कर्मचारी कम है।
अभी 155 ट्रेनों का आगमन सातों प्लेटफार्मो पर हो रहा है। पर कर्मचारियों की कमी के कारण बेहतर सफाई नहीं हो पा रही है। इसकी जानकारी जेड आर यू सी सी मेंबर राजा तिवारी ने डीआरएम भोपाल आफिस में पदस्थ सीएमएस अजय डोगरा से फोन पर चर्चा की। जिस पर अधिकारियों ने संज्ञान लेकर सफाई करवाई।
बंद कर दी सफाई मशीनेंबताया जाता है कि ठेके खत्म होने के बाद रेलवे ने मशीनों को बंद कर दिया। अगर मशीनें चलती रहती, तो सफाई व्यवस्था बेहतर होती। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि जितने भी सफाई कर्मचारी अभी है, वह पर्याप्त नहीं है। अगर स्टेशन पर किसी यात्री की मौत हो जाती है, तो चार कर्मचारी मृतक को जीआरपी तक पहुंचाकर पंचनामा तक उन्हें वहां रुकना पड़ता है, जिससे स्टेशन की सफाई नहीं हो पाती है।
इटारसी स्टेशन की सफाई का नया ठेका अभी नहीं हुआ है। फिलहाल स्थानीय रेल प्रबंधन खुद सफाई करवा रहा है। मैंने सफाई व्यवस्था को लेकर भोपाल मंडल के अधिकारियों से चर्चा की है। उन्होंने जल्द ही ठेका होने का भरोसा दिलाया है। अधिकारियों ने स्थानीय प्रशासन को स्टेशन परिसर साफ रखने का निर्देश दिया है।
– राजा तिवारी, सदस्य पमरे जोनल सलाहकार समिति, इटारसी।