आम आदमी पार्टी के मुफ्त सुविधाएं देने की राजनीति पर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीखा हमला बोला। पीएम मोदी ने आप की इस राजनीति को रेवड़ी कल्चर करार किया। पीएम मोदी के रेवड़ी कल्चर वाले बयान के बाद सियासी पारा हाई हो गया। कुछ ही देर में आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी के बयान पर पलटवार कर दिया। उन्होंने कहा कि, ‘हम इमानदारी की राजनीति करते हैं।’ उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि, मुफ्त बिजली देना, मुफ्त राशन देना, मुफ्त शिक्षा देना गलत है?
75 वर्ष पहले हो जाना चाहिए था ये काम
पीएम मोदी के बयान के कुछ देर बाद ही आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल भी मीडिया रू ब रू हुए और उन्होंने जमकर पलटवार किया।
केजरीवाल ने कहा कि, अपने देश के बच्चों को मुफ्त और अच्छी शिक्षा देना और लोगों का अच्छा और मुफ्त इलाज करवाना – इसे मुफ्त की रेवड़ी बांटना नहीं कहते। हम एक विकसित और गौरवशाली भारत की नींव रख रहे हैं। ये काम 75 साल पहले हो जाना चाहिए था।
सीएम केजरीवाल ने कहा कि, हमने लोगों को फ्री में योगा कराना शुरू किया। स्वास्थ्य के लिए लिहाज से क्या इसे मुफ्त की रेवड़ी कहा जाएगा। लोगों को अच्छी सेहत देना गलत है।
45000 हजार से ज्यादा लोगों को तीर्थ यात्रा करवाई है। ये यात्रा भी पूरी तरह मुफ्त करवाई है, क्योंकि बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थ यात्रा करवाना गलत है?
हजारों करोड़ खर्च कर खुद के लिए प्लेन खरीदा
अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी का नाम ना लेते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, जो लोग मुझे गालियां दे रहे हैं, उन्होंने खुद के लिए हजारों करोड़ रुपए खर्च कर प्राइवेट प्लेन खरीदा।
केजरीवाल ने बताई क्या है फ्री की रेवड़ी?
आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि,’मैं बताता हूं कि फ्री की रेवड़ी क्या है? देश में एक कंपनी अलग-अलग बैंकों के हजारों करोड़ रुपए का कर्ज लिया और एक राजनीतिक पार्टी को कुछ करोड़ का चंदा दे दिया। अब इस कंपनी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही ये है मुफ्त की रेवड़ी। जब आप अपने दोस्तों के हजारों करोड़ के कर्ज माफ कर देते हैं तो उसे मुफ्त की रेवड़ी कहते हैं।
केजरीवाल ने कहा कि, जब आप विदेश यात्रा पर जाते हैं और अपने दोस्तों के लिए ठेके लेते हैं तो उसे मुफ्त की रेवड़ी कहते हैं। केजरीवाल का इशारा श्रीलंका दौरा पर अडाणी के लिए कॉन्ट्रेक्ट लेने के दवाब को लेकर था।