कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पार्टी के दूसरे बड़े नेताओं ने कोयला घोटाले में आरोपी के तौर समन किए गए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के प्रति समर्थन जताने के लिए पार्टी मुख्यालय से उनके घर तक मार्च किया। सीबीआई स्पेशल कोर्ट ने एक दिन पहले ही मनमोनहन सिंह समेत छह लोगों को आरोपी के तौर पर समन भेजकर 8 अप्रैल को पेश होने के लिए कहा है। सूत्रों का कहना है सोनिया गांधी इस मार्च के जरिए यह संदेश देना चाहती है कि पार्टी मनमोहन सिंह के साथ मजबूती से खड़ी है।
मनमोहन सिंह के घर के बाहर सोनिया गांधी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री निर्दोष हैं और उनकी ईमानदारी शंका से परे हैं। उन्होंने कहा कि हम यहां यह जताने के लिए आए हैं कि पूरी पार्टी उनके साथ है। राज्यसभा में कांग्रेस के उपनेता आनंद शर्मा ने कहा कि मनमोहन सिंह की पारदर्शिता, निष्पक्षता और ईमानदारी पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजबूती के साथ मनमोहन सिंह के साथ है और किसी भी हाल में नहीं झुकेगी। मनमोहन सिंह ने हाथ जोड़कर घर पहुंचे नेताओं का स्वागत किया लेकिन कुछ नहीं बोले।