Saturday, September 27

अग्निपथ योजना के खिलाफ कई संगठनों का आज भारत बंद, RAF और GRP अलर्ट

केंद्र सरकार की नई सेना भर्ती अग्निपथ योजना के खिलाफ बीते कुछ दिनों से देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे है। कई जगह आगजनी और हिंसा की घटना भी सामने आई है। अग्निपथ योजना के खिलाफ आज कई संगठनों ने भारत बंद का ऐलान किया है। हिंसक प्रदर्शन को देते हुए आज कई जगह स्कूलों को बंद रखा गया है। इसके अलावा इंटरनेट सेवाएं भी बाधित रहेगी। राजधानी दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में धारा 144 लागू की गई है। भारत बंद को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकारों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। RAF और GRP को हाई अलर्ट पर रखा गया है। इसके साथ ही सुरक्षा बलों को हिंसा करने वाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए हैं।

दिल्ली में धारा 144, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा पुलिस अलर्ट
भारत बंद के दौरान दिल्ली एनसीआर में प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट है। नोएडा में धारा 144 लागू कर दी गई है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर खास नजर रखी जा रही है। अग्निपथ योजना के खिलाफ आज संभावित भारत बंद को ध्यान में रखते हुए राजस्थान, पंजाब और हरियाणा पुलिस को अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही पंजाब में सभी बड़े सैन्य कोचिंग संस्थानों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, राजस्थान और हरियाण में भी सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम कड़े कर दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

बिहार के 20 जिलों में इंटरनेट बंद
भारत बंद के दौरान बिहार के 20 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। अग्निपथ योजना के विरोध में इन जिलों में हिंसा हुई थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज का जनता दरबार भी रद्द कर दिया है। प्रदेश के कैमूर, भोजपुर, औरंगाबाद, रोहतास, बक्सर, नवादा, पश्चिम चंपारण, समस्तीपुर, लखीसराय, बेगूसराय, वैशाली, सारण, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, दरभंगा, गया, मधुबनी, जहानाबाद, खगड़िया और शेखपुरा जिले में इंटरनेट बंद रहेगा।

झारखंड में आज सभी स्कूलें बंद
अग्निपथ योजना के विरोध का असर मध्य भारत में पड़ रहा है। युवाओं के बुलाए गए भारत बंद को देखते हुए आज झारखंड में सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी है कि छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए सोमवार के दिन झारखंड में सभी स्कूल बंद रहेंगे।

केरल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
केरल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने कहा है कि आज भारत बंद के दौरान हिंसा या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को गिरफ्तार करने के लिए पूरा बल ड्यूटी पर होगा। केरल में जिला पुलिस प्रमुखों को व्यवसायों को जबरन बंद करने से रोकने और अदालतों, राज्य बिजली बोर्ड (केएसईबी) और सड़क परिवहन निगम (केएसआरटीसी) के कार्यालयों के साथ-साथ सरकारी कार्यालयों और संस्थानों को सुरक्षा प्रदान करने का निर्देश दिया गया है।