भोपाल। मध्यप्रदेश में नगर निगम के महापौर प्रत्याशियों में घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के बाद भाजपा ने भी महापौर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। हालांकि 16 में से 13 प्रत्याशियों की घोषणा की गई है। इधर, भाजपा ने इस बार चर्चित चेहरों को टिकट नहीं देकर सभी को चौंकाया है। आइए जानते हैं किस प्रत्याशी को क्यों टिकट दिया गया…।
देवासः राजघराने के करीबी प्रत्याशी को मिला महापौर का टिकट
देवास नगर निगम के लिए गीता अग्रवाल को टिकट दिया गया है। गीता विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष व वरिष्ठ नेता दुर्गेश अग्रवाल की पत्नी हैं। पूर्व मंत्री स्व. तुकोजीराव पवार व विधायक गायत्री राजे पवार के करीबी नेता हैं अग्रवाल। गीता गृहिणी है और पहली बार चुनावी मैदान में है। 49 वर्षीय गीता 11वीं तक शिक्षित हैं।
बुरहानपुर में माधुरी पटेल का दोबारा मिला मौका
भाजपा ने बुरहानपुर में माधुरी पटेल को टिकट दिया है। माधुरी को यह मौका 2010 के नगर निगम चुनाव में भाजपा से अतुल पटेल की पत्नी माधुरी पटेल और वर्तमान में कांग्रेस से घोषित उम्मीदवार शहनाज अंसारी आमने सामने थी। माधुरी पटेल ने लगभग 55 हजार मत लेकर लगभग साढ़े छ हजार मतों से जीत दर्ज कराई थी। इसी जीत के आधार और कार्यकाल में हुए काम के परफॉरमेंस पर माधुरी को यह टिकट मिला है। बुरहानपुर शहर में 55 फीसदी अल्पसंख्यक मतदाता है। माधुरी पटेल की दोनों समुदाय में बेहतर छवि है। इसका फायदा पहले भी मिला था। इनके पति अतुल पटेल भी पहले महापौर रह चुके हैं। इस बार भी माधुरी का मुकाबला शहनाज अंसारी से होगा।
जबलपुरः सीएम के करीबी डा. जितेंद्र जामदार को मिला टिकट
राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. जितेन्द्र जामदार को महापौर प्रत्याशी बनाया है। डॉ. जामदार को सीएम का करीबी माना जाता है। साथ ही वे संघ की पसंद भी बताए जा रहे हैं।
खंडवाः ओबीसी बहू के सामने यादव बहू
खंडवा में बीजेपी ने अमृता यादव को महापौर का टिकट दिया है। जबकि कांग्रेस से आशा मिश्रा मैदान में है। बीजेपी ने बड़ा दांव खेलते हुए पूर्व विधायक हुकुमचंद यादव की पुत्रवधु अमृता यादव को मैदान में उतारा है। अमृता यादव पूर्व निगम अध्यक्ष रहे अमर यादव की पत्नी है। वह अशोकनगर की ग्राम पंचायत बिलाखेड़ी में सरपंच रह चुकी हैं। भाजपा ने बहुसंख्यक समाज को मद्देनजर रखते हुए फैसला लिया है। वहीं कांग्रेस की आशा शहर के दिग्गज नेता बल्ली मिश्रा की बहू है।
कटनी की पूर्व पार्षद ज्योति दीक्षित को बनाया महापौर प्रत्याशी
कटनी नगर निगम के अंबेडकर वार्ड की निवर्तमान पार्षद ज्योति दीक्षित दो बार पार्षद रह चुकी हैं। पति विनय दीक्षित पूर्व मंत्री व वर्तमान में विजयराघवगढ़ विधायक संजय पाठक के करीबी हैं। संजय पाठक ने जब कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन की थी उसी समय विनय दीक्षित भी भाजपा में शामिल हो गए थे। पाठक के करीबी होने का यह लाभ उन्हें मिला है।